मानसर में कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 5 की मौत, एक घायल
By सुरेश एस डुग्गर | Updated: March 5, 2022 14:47 IST2022-03-05T14:46:10+5:302022-03-05T14:47:06+5:30
सांबा जिले में शनिवार को एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना मानसर के नजदीक जमोदा के पास हुई।

मानसर में कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 5 की मौत, एक घायल
जम्मू: सांबा जिले में शनिवार को एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना मानसर के नजदीक जमोदा के पास हुई। अधिकारियों ने बताया कि एसयूवी श्रीनगर की ओर जा रही थी। पूरा परिवार एक कार जेके01यू-2233 में सवार था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कार अनियंत्रित होकर एक गहरी खाई में जा गिरी जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये परिवार सांबा से मानसर रूट से गुजरते हुए श्रीनगर की ओर जा रहा था। मानसर रोड पर स्थित जमोड इलाके में एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधा खाई में जा गिरी। मार्ग से गुजर रहे दूसरे लोगों व स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाल मुख्य सड़क तक लाया गया और वहां से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक व घायल की पहचान कर ली गई है। ये सभी श्रीनगर के रहने वाले हैं। मानसर-बट्टल मार्ग-धार रोड से होते हुए ये लोग श्रीनगर जाने के लिए यहां से निकले थे और रास्ते में यह हादसा हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान साकिब निवासी अनंतनाग के तौर पर हुई है। कार साकिब ही चला रहा था। वहीं हादसे में मरने वालों में गुलजार अहमद भट, जाना बेगम, मोहम्मद इकबाल भट, मसरत जान शामिल हैं जबकि पांचवे व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस वालों का कहना है कि उसकी उम्र लगभग 60 वर्ष के करीब होगी।
प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मानसर में हुए सड़क हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि सांबा के मानसर में एक दुखद सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।