जम्मू-कश्मीर: बाढ़ से हालात बदतर, अमरनाथ यात्रा स्थगित, 1300 ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन
By कोमल बड़ोदेकर | Updated: June 29, 2018 22:55 IST2018-06-29T22:55:33+5:302018-06-29T22:55:33+5:30
जम्मू-कश्मीर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से नदियां, नाले और अन्य जल स्रोत उफान पर हैं, जिसके कारण कश्मीर घाटी में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति घोषित कर दी गई है। बाढ़ के हालात के मद्देनजर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी है। सिं

जम्मू-कश्मीर: बाढ़ से हालात बदतर, अमरनाथ यात्रा स्थगित, 1300 ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन
श्रीनगर ,29 जून। जम्मू-कश्मीर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से नदियां, नाले और अन्य जल स्रोत उफान पर हैं, जिसके कारण कश्मीर घाटी में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति घोषित कर दी गई है। बाढ़ के हालात के मद्देनजर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण के मुख्य अभियंता एम.एम. शाहनवाज ने एक बयान में कहा, "झेलम नदी अनंतनाग जिले के संगम में शुक्रवार शाम छह बजे 21 फुट के बाढ़ घोषणा स्तर को पार कर गई।"
उन्होंने कहा, "दक्षिण कश्मीर की तराई में रह रहे लोग, विशेषरूप से झेलम और अन्य नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।" इस दौरान शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। किसी तीर्थयात्री को या तो उत्तर कश्मीर में बालटाल शिविर या दक्षिण कश्मीर के पहलगाम आधार शिविर से आगे नहीं जाने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने कहा कि सभी यात्रियों को सुरक्षित दो आधार शिविरों में भेज दिया गया है।
दक्षिण कश्मीर हिमालय में अमरनाथ गुफा में आज 1300 श्रद्धालुओं ने पवित्र शिवलिंग के दर्शन किये। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि घाटी में निरंतर वर्षा से पहलगाम और बालटाल दोनों ही मार्गों से तीर्थाटन स्थगित करना पड़ा। अमरनाथ गुफा को जाने वाले वाले पूरे मार्ग पर भारी वर्षा होने के कारण यात्रा स्थगित कर दी गयी।
उन्होंने बताया कि नुवान आधारशिविर से आज सुबह 1263 यात्री रवाना हुए थे लेकिन उन्हें मौसम के सुधरने तक शेषनाग में रुकने को कहा गया। उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा के दूसरे दिन के समापन तक 1287 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन किये। ’’ बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या अब 2294 हो गयी है। कल 1007 तीर्थयात्रियों ने शिवलिंग के दर्शन किये थे।