लाइव न्यूज़ :

जैश दिल्ली में आतंकी हमलों की साजिश रच रहा है : कश्मीर के डीजीपी

By भाषा | Updated: February 14, 2021 22:24 IST

Open in App

जम्मू, 14 फरवरी जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के कार्यालय का वीडियो बनाने वाले एक आतंकवादी की गिरफ्तारी के बाद यह पता चला है कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद दिल्ली में हमले की साजिश रच रहा है।

डीजीपी सिंह ने यह खुलासा भी किया कि कश्मीर में आतंकवादियों ने बिहार से हथियारों की खरीद शुरू कर दी है और कश्मीर के कुछ छात्र जो पढ़ाई के लिए पंजाब में रहते हैं, उनके जरिए घाटी में अवैध हथियारों की तस्करी की जा रही है।

डीजीपी ने आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-मुस्तफा (एलईएम) के आतंकवादी हिदायतुल्ला और रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के आतंकवादी जहूर अहमद राथर की गिरफ्तारी के बाद संवाददाता सम्मेलन में ये खुलासे किए।

मलिक को जम्मू जिले के कुंजवानी से छह फरवरी को अनंतनाग पुलिस ने गिरफ्तार किया था। राथर को सांबा जिले के ब्रह्माना इलाके से 13 फरवरी को पकड़ा गया था।

सिंह ने बताया कि एलईएम और टीआरएफ पाकिस्तान के जैश-ए-मोहम्मद तथा लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन हैं जिनका उद्देश्य अपनी आतंकवादी गतिविधियों को ‘‘कश्मीरी नाम’’ देना है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले वर्ष अगस्त में गठित एलईएम की अगुवाई मलिक कर रहा है, वह लंबे समय से सक्रिय आतंकवादी है। वह जैश के लिए काम करता रहा है और उस आतंकवादी संगठन के कहने पर ही उसने यह संगठन बनाया।’’

सिंह ने बताया कि मलिक जम्मू में ठिकाना बनाने की साजिश रच रहा था ताकि क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को संचालित कर सके, वे हथियार एवं गोलाबारूद हासिल कर सकें, जिन्हें सीमा पर भूमिगत सुरंगों के जरिए पाकिस्तान से तस्करी करके लाया गया या ड्रोन के जरिए गिराया गया, जहां से इन्हें तस्करी के जरिए कश्मीर ले जाया जाता।’’

सिंह ने कहा कि जैश 2018 में विभिन्न आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रहा है। उन्होंने बताया कि मलिक से पूछताछ में पता चला कि वह जैश के कमांडर आशिक नेंगरू का करीबी है। नेंगरू अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भूमिगत सुरंग के जरिए अपने परिवार समेत पड़ोसी देश भाग गया था, हालांकि इससे पहले वह पाकिस्तान से जम्मू आने वाले हथियारों की खेप लेता था।

बीएसएफ ने बीते छह माह में जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर छह भूमिगत सुरंगों का पता लगाया है।

डीजीपी ने बताया कि पाकिस्तान भागने से पहले नेंगरू उर्फ डॉक्टर पाकिस्तानी एजेंसियों के इशारे पर कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियां चला रहा था। उन्होंने बताया कि मलिक नेंगरू के आदेश पर ही दिल्ली गया था और उसने एनएसए कार्यालय की रेकी करने के बाद उसे वह वीडियो भेजा था।

उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि जैश दिल्ली में भी हमले की साजिश रच रहा था। उन्होंने कहा कि मलिक की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है और इससे आतंकवादी समूह की साजिश का पर्दाफाश हुआ है।

डीजीपी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के रहने वाले मलिक ने बिहार से हथियार पाने के लिए एक नेटवर्क बनाया था और वहां से उसने अब तक छह पिस्तौल मंगवाई, जिन्हें आतंकवादियों के बीच बांट दिया।

सिंह ने कहा, ‘‘उसने पंजाब में पढ़ने वाले कश्मीर के कुछ छात्रों को भी अपने साथ शामिल कर लिया। वह कश्मीर और जम्मू में किसी भी तरह की गतिविधि और बाहर से हथियारों को लाने के लिए उनका इस्तेमाल कर रहा था।’’

इस संदर्भ में डीजीपी ने चंडीगढ़ में अध्ययनरत नर्सिंग के कश्मीरी छात्र का जिक्र किया, जिसे जम्मू जनरल बस स्टैंड इलाके से सात किलो विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया गया था।

डीजीपी ने कहा कि मलिक बीते नवंबर में एक बैंक के नगदी ले जाने वाले वाहन से 60 लाख रूपये की लूट की घटना में भी लिप्त था। उन्होंने बताया कि इसका खुलासा उसकी पत्नी समेत लूट में शामिल उसके चार साथियों की गिरफ्तारी के बाद हुआ था।

टीआरएफ के आतंकवादी राथर की गिरफ्तारी को एक ‘‘बड़ी उपलब्धि’’ बताते हुए सिंह ने कहा कि वह पाकिस्तान में प्रशिक्षण प्राप्त आतंकवादी है और उसके साथी आतंकवादी उसे ‘‘साहिल’’ और ‘‘खालिद’’ कहकर भी संबोधित करते हैं।

पुलिस महानिदेशक ने बताया, ‘‘2002 में पाकिस्तान जाने से पहले वह सक्रिय आतंकवादी था। वहां उसने हथियारों का प्रशिक्षण लिया और फिर राजौरी के रास्ते पांच विदेशी आतंकवादियों के साथ लौटा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, उसने 2006 में आत्मसमर्पण कर दिया और 2019 में गतिविधियां फिर शुरू करने से पहले वर्षों तक निष्क्रिय बना रहा।’’

उन्होंने बताया कि राथर ने कश्मीर में बहुत बड़ा नेटवर्क बना लिया था और उसके खुलासे पर अब तक समूह के आठ सदस्यों की पहचान कर ली गई है। कुछ को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे कश्मीर में पूछताछ चल रही है।’’

सिंह ने कहा कि चूंकि राथर पहले आत्मसमर्पण कर चुका था इसलिए सुरक्षा एजेंसियों को उस पर संदेह नहीं हुआ। टीआरएफ प्रमुख कुलगाम में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं और कोकेरनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या की घटना में सीधे तौर पर शामिल था।

डीजीपी ने कहा कि राथर से अभी पूछताछ चल रही है, जिसमें कई नई बातें पता चल सकती हैं।

सिंह ने तीन सफल अभियानों के लिए पुलिसकर्मियों की सराहना की।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

पूजा पाठAkshaya Tritiya 2026: कब है अक्षय तृतीया?, तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजा मुहूर्त और सोना खरीदने का समय?

कारोबारजयपुर मेट्रो परियोजनाः 13038 करोड़ रुपये की लागत, 36 स्टेशन और प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किमी लंबा

भारतखरमास खत्म होने के बाद 15-16 अप्रैल को बिहार में नया मुख्यमंत्री?, सीएम नीतीश कुमार ने की अंतिम बार कैबिनेट की अध्यक्षता!, 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ ग्रहण?

क्राइम अलर्टक्या पंजाब के बाद बिहार में जॉम्बी ड्रग?, कितना खतरनाक, धीमी सांस और लड़खड़ाता दिखा शख्स?, वीडियो

स्वास्थ्यसन फार्मा ने लॉन्च किया ‘हार्ट के लिए 8- मेकिंग इंडिया हार्ट स्ट्रॉन्ग’ कैंपेन, दिल के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए भारतीयों से रोजाना में अच्छी आदतें अपनाने का आग्रह

भारत अधिक खबरें

भारतबिहार के अस्पतालों में डॉक्टर, रुई और सुई नहीं, कहीं दवा नहीं तो बेड नहीं?, तेजस्वी यादव बोले-अमंगल दोष से ग्रसित स्वास्थ्य विभाग

भारतमप्र राज्यसभा चुनावः मीनाक्षी नटराजन और सज्जन सिंह वर्मा में टक्कर?, कांग्रेस में एक अनार-सौ बीमार?, अपनों की रार में भाजपा न मार ले जाए तीसरी सीट!

भारतKashmir Tourism: कश्मीर में होमस्टे का बढ़ता चलन टूरिज्म में जान डाल रहा

भारतIran-US ceasefire: इरान और अमेरिका के बीच सीजफायर, कश्मीर और लद्दाख में लोग मना रहे जश्न; नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

भारतBihar: सीएम नीतीश कुमार ने 4954 नवनियुक्त एएनएम को सौंपा नियुक्ति पत्र, कहा- 'स्वास्थ्य सेवा सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि मानवता की सेवा'