नयी दिल्ली, तीन मई इटली ने सोमवार को विशेषज्ञों का एक दल एवं चिकित्सा उपकरणों को भारत भेजा जबकि ब्रिटेन ने चिकित्सा सहायता की चौथी खेप के तहत 60 वेंटिलेटर भेजे। भारत कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहा है।
यूरोपीय संघ ने डेनमार्क, स्पेन और नीदरलैंड द्वारा भारत के लिए अतिरिक्त चिकित्सा सहायता की अलग से घोषणा की।
इटली द्वारा भेजी गयी सहायता में विशेषज्ञों के एक दल के अलावा एक ऑक्सीजन संयंत्र और 20 सांद्रक शामिल हैं।
इतालवी दूतावास ने कहा कि इस दल में मैक्सिमर्जेंजा ग्रुप ऑफ पीडमोंट रिजन के कर्मी ,लॉम्बाडी क्षेत्र के चिकित्सक और स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल हैं।
उसने कहा कि पूरे अस्पताल को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने की क्षमता वाले संयंत्र को ग्रेटर नोएडा में आईटीबीपी अस्पताल में लगाया जाएगा।
भारत में इटली के राजदूत विंसेजो डि लूका और यूरोपीय संघ के राजदूत उगो ऑस्टुटो ने हवाई अड्डे पर मेडिकल प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
डि लूका ने कहा, ‘‘ इटली कोरोना वायरस के विरूद्ध लड़ाई में भारत के साथ है। यह वैश्विक चुनौती है, जिससे हमें मिलकर निपटना है। इटली के चिकित्सा दल एवं उपकरण इस भयावह दौर में जिंदगियां बचाने में योगदान देंगे।’’
ब्रिटेन ने भारत को चौथी खेप में 60 वेंटिलेटर भेजे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया, ‘‘ ब्रिटेन से चिकित्सा आपूर्ति की चौथी खेप, जिसके तहत 60 वेंटिलेटर भारत आये हैं। हमारे रणनीतिक साझेदार एवं मित्र ब्रिटेन को इस सहयोग के लिए धन्यवाद ।’’
यूरोपीय संघ ने एक बयान में कहा कि डेनमार्क 53 वेंटिलेटर और स्पेन 119 ऑक्सीजन सांद्रक एवं 145 वेंटिलेटर भेज रहा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।