नयी दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने बृहस्पतिवार को कहा कि एकजुट होकर पार्टी के हित में कार्य करना सभी का कर्तव्य है। कांग्रेस संगठन में ऊपर से नीचे तक बदलाव करने की मांग करते हुए हाल ही में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखने वाले 23 नेताओं में थरूर भी शामिल थे।
हालांकि, इस पत्र के मीडिया में सामने आने के बाद से थरूर ने अब तक चुप्पी साध रखी थी। थरूर ने ट्वीट किया, '' मैं कांग्रेस में हाल की घटनाओं पर चार दिनों से चुप था क्योंकि जब एक बार कांग्रेस अध्यक्ष ने कह दिया कि यह अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है, तो हम सभी का कर्तव्य है कि हम साथ मिल कर पार्टी के हित में काम करें।''
उन्होंने कहा, '' मैं अपने सभी साथियों से इस सिद्धांत को बरकरार रखने और बहस को समाप्त करने का अनुरोध करता हूं।''
इसके साथ ही बता दें कि कांग्रेस में नेतृत्व विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखने वाले नेताओं में से एक विवेक तन्खा ने पार्टी के दूसरे धड़े पर सवाल उठाए हैं। राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने कहा कि हम बागी नहीं, बदलाव के वाहक हैं। इतिहास बहादुर को जानता है, डरपोक को नहीं।