इसरो ने सात साल में विकास कार्यों में अपने योगदान को विस्तार दिया: जितेंद्र सिंह
By भाषा | Updated: July 5, 2021 23:09 IST2021-07-05T23:09:22+5:302021-07-05T23:09:22+5:30

इसरो ने सात साल में विकास कार्यों में अपने योगदान को विस्तार दिया: जितेंद्र सिंह
नयी दिल्ली, पांच जुलाई केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की गतिविधियां केवल उपग्रहों के प्रक्षेपण तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि इसने पिछले सात साल में विकास कार्यों में अपनी भूमिका को लगातार विस्तार दिया है।
इसरो के वैज्ञानिकों ने सिंह को कृषि, मृदा, जल संसाधन, भूमि उपयोग और ग्रामीण विकास आदि में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के प्रयोग के बारे में अवगत कराया और ‘जियो स्पेशियल’ तकनीक से निर्णय लेने की प्रणाली के क्षमता विकास के बारे में जानकारी दी।
सिंह ने अंतरिक्ष विभाग तथा इसरो के अधिकारियों से कहा, “इसरो का काम अब केवल उपग्रह छोड़ने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह पिछले सात साल से लगातार विकास कार्यों में अपनी भूमिका को विस्तार दे रहा है। इसके साथ ही यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “भारत परिवर्तन” अभियान में योगदान दे रहा है।”
सिंह प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री हैं। सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक का इस्तेमाल अब रेलवे, सड़क, पुल, चिकित्सा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा अन्य कार्यों में हो रहा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।