लैंडिंग से एक दिन पहले ISRO ने दी जानकारी- तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा चंद्रयान-3 मिशन, सुचारू संचालन जारी
By मनाली रस्तोगी | Updated: August 22, 2023 13:37 IST2023-08-22T13:36:07+5:302023-08-22T13:37:34+5:30
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन बुधवार यानी 23 अगस्त को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करने वाला है।

लैंडिंग से एक दिन पहले ISRO ने दी जानकारी- तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा चंद्रयान-3 मिशन, सुचारू संचालन जारी
नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन बुधवार यानी 23 अगस्त को चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करने वाला है। अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि सभी प्रणालियों की नियमित जांच हो रही है और सुचारू संचालन जारी है। इसरो ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर बताया कि लैंडिंग ऑपरेशन का सीधा प्रसारण 23 अगस्त को शाम 5:20 बजे शुरू होगा।
अंतरिक्ष एजेंसी ने 19 अगस्त 2023 को लगभग 70 किमी की ऊंचाई से लैंडर पोजिशन डिटेक्शन कैमरा (एलपीडीसी) द्वारा ली गई चंद्रमा की तस्वीरें भी साझा कीं। इसमें कहा गया है कि एलपीडीसी छवियां ऑनबोर्ड चंद्रमा संदर्भ मानचित्र के साथ मिलान करके लैंडर मॉड्यूल को उसकी स्थिति (अक्षांश और देशांतर) निर्धारित करने में सहायता करती हैं।
Chandrayaan-3 Mission:
— ISRO (@isro) August 22, 2023
The mission is on schedule.
Systems are undergoing regular checks.
Smooth sailing is continuing.
The Mission Operations Complex (MOX) is buzzed with energy & excitement!
The live telecast of the landing operations at MOX/ISTRAC begins at 17:20 Hrs. IST… pic.twitter.com/Ucfg9HAvrY
लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल के बुधवार को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह के दक्षिण ध्रुवी क्षेत्र के निकट उतरने की उम्मीद है। इससे पहले इसरो ने सोमवार को कहा था कि चंद्रयान-3 के 'लैंडर मॉड्यूल' ने चंद्रयान-2 के 'ऑर्बिटर' के साथ संचार शुरू कर दिया है, और 'लैंडर हजार्ड डिटेक्शन एंड एवाइडेंस कैमरा' (एलएचडीएसी) से ली गई चंद्रमा के सुदूर पार्श्व भाग की तस्वीरें जारी की हैं।