कोविड-19 से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को आठ दिन में अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्देश

By भाषा | Updated: June 10, 2021 18:31 IST2021-06-10T18:31:08+5:302021-06-10T18:31:08+5:30

Instructions to give compassionate appointment in eight days to the families of employees who lost their lives due to Kovid-19 | कोविड-19 से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को आठ दिन में अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्देश

कोविड-19 से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को आठ दिन में अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्देश

भोपाल, 10 जून मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राज्य में कोविड-19 से जान गंवाने वाले 86 कर्मचारियों के परिजनों को आठ दिन के अंदर अनुकंपा आधार पर नियुक्ति देने का निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

सिलावट ने बृहस्पतिवार को यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रदेश में कोविड-19 महामारी के कारण जल संसाधन विभाग के कुल 86 कर्मचारियों की जान चली गई। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे कर्मियों के परिजनों को आठ दिन के अंदर अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दी जाए।’’

उन्होंने प्रदेश के सभी संबंधित अधिकारियों को इस मुद्दे पर कार्यवाही के साथ विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय को अद्यतन करने का भी निर्देश दिया।

इससे पहले, सिलावट चौकीदार उत्तम मेश्राम के घर गये और उनके बेटे मनीष को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपा। इसके साथ ही मंत्री ने अधिकारियों के साथ मनीष को कार्यालय भेजा ताकि वह आज ही सेवा में शामिल हो सके। उत्तम मेश्राम की कोविड-19 बीमारी से मृत्यु हो गई थी।

सिलावट इसके बाद कर्मचारी अशोक कुमार खरे के घर भी पहुंचे। खरे की भी कोविड-19 के कारण मृत्यु हो गई थी। मंत्री ने खरे की पत्नी को 3.25 लाख रुपये बकाया राशि का मंजूरी पत्र सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने एक अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के लिए नामित किया कि खरे के परिवार को उनकी सभी बकाया सुविधाएं हासिल हों।

मंत्री ने प्रदेश के सभी संभागों में एक-एक अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के लिए नामित किया कि कोविड-19 के कारण जान गंवाने वाले विभाग के कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को उनकी सभी बकाया सुविधाएं हासिल हों। साथ ही सिलावट ने मृतक कर्मचारियों के परिवार से संपर्क में रहने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

मंत्री ने अनुकंपा के आधार पर कर्मचारियों के घर जाकर व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Instructions to give compassionate appointment in eight days to the families of employees who lost their lives due to Kovid-19

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे