मदद के लिए भारत के अनुरोध पर तेजी से काम किया जा रहा है : यूरोपीय संघ
By भाषा | Updated: April 25, 2021 19:45 IST2021-04-25T19:45:58+5:302021-04-25T19:45:58+5:30

मदद के लिए भारत के अनुरोध पर तेजी से काम किया जा रहा है : यूरोपीय संघ
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल यूरोपीय संघ (ईयू) ने रविवार को कहा कि वह कोविड-19 से लड़ने में भारत की तेजी से मदद के लिए संसाधन जुटा रहा है।
इस 27 देशों के शक्तिशाली समूह के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ईयू ने पहले ही अपनी नागरिक रक्षा प्रणाली को सक्रिय कर दिया है ताकि भारत को तत्काल ऑक्सीजन और दवा आपूर्ति सहित अन्य मदद की जा सके।
इस प्रणाली के तहत ईयू समूह यूरोप और इससे परे आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी समन्वय में केंद्रीय भूमिका निभाता है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वोन डेर लेयेन ने कहा कि ईयू भारत के लोगों के साथ ‘पूरी एकजुटता’ के साथ खड़ा है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ भारत में महामारी की चिंताजनक स्थिति में हम समर्थन के लिए तैयार हैं। ईयू भारत के अनुरोध पर त्वरित मदद पहुंचाने के लिए ईयू नागरिक रक्षा प्रणाली के जरिये संसाधन जुटा रहा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।