भारत में ओमीक्रोन का तीसरा मामला आया सामने, गुजरात में जिम्बाब्वे से लौटा शख्स मिला संक्रमित
By विनीत कुमार | Updated: December 4, 2021 15:27 IST2021-12-04T14:57:10+5:302021-12-04T15:27:11+5:30
भारत में कोरोना के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमण का तीसरा मामला सामने आया है। गुजरात में एक शख्स से इससे संक्रमित पाया गया है। वह हाल में जिम्बाब्वे से लौटा था।

भारत में ओमीक्रोन वेरिएंट का तीसरा केस मिला (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। गुजरात के जामनगर में एक शख्स ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को ये जानकारी दी। शख्स हाल में अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे से लौटा था। इसके बाद उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे भेजा गया था।
भारत में ओमीक्रोन का ये तीसरा केस है। इससे पहले कर्नाटक में दो मामले सामने आ चुके हैं। कर्नाटक के बेंगलुरु में दो मामले सामने आए थे। इनमें से एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक है, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति है। स्थानीय शख्स एक डॉक्टर है और उसने हाल में कोई विदेश यात्रा भी नहीं की थी। दोनों को कोरोना की पूरी डोज लग चुकी है। इसमें 66 साल का दक्षिण अफ्रीकी नागरिक दुबई जा चुका है, जिसे लेकर विवाद भी मचा हुआ है।
भारत में ओमीक्रोन के और आ सकते हैं मामले
ओमीक्रोन के दुनिया भर में बढ़ते मामलों के बीच भारत में भी आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के टेस्ट और निगरानी को बढ़ाया गया है। विशेष रूप से जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों को लेकर नियम सख्त हैं। ओमीक्रोन का पहला मामला दक्षिण अफ्रीका में पता चला था और अब कई देशों में इससे संक्रमण के केस आ चुके हैं।
भारत में भी आने वाले दिनों में ओमीक्रोन के मामले बढ़ने का खतरा है। राजस्थान के जयपुर में एक ही परिवार में 4 लोग संक्रमित मिले हैं। यह परिवार हाल में दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। इनके संपर्क में आए 5 और लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। ऐसे ही महाराष्ट्र में करीब 30 सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
वहीं, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के के. सुधाकर के अनुसार दक्षिण अफ्रीका में ओमीक्रोन के मामलों के सामने आने के बाद वहां से 57 यात्री बेंगलुरु लौटे हैं। इनमें से कम से कम 10 यहां पहुंचने के बाद गायब है। इसे लेकर भी तलाश जारी है।