उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कई राज्य में शीतलहर, केलोंग और माउंट आबू में पारा शून्य से नीचे
By सतीश कुमार सिंह | Updated: December 18, 2020 19:54 IST2020-12-18T16:48:10+5:302020-12-18T19:54:12+5:30
भारत मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में शीतलहर चल रही है। आरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है।

भारतीय रेल, वायुयान सहित कई परिवहन सेवा पर असर दिख रहा है। (file photo)
नई दिल्लीःउत्तर भारत में ठंड जारी है। दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्य शीतलहर की भयंकर चपेट में हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड सहित कई राज्य में तापमान में गिरावट हुई है।
इसका असर जनजीवन पर पड़ा है। भारतीय रेल, वायुयान सहित कई परिवहन सेवा पर असर दिख रहा है। शुक्रवार को दिल्ली में तामपान 5 डिग्री से नीचे चला गया। ठंड को देखते हुए आईएमडी ने अगले 2 से 3 दिनों में कुछ इलाकों में यलो लर्ट तो कुछ के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में केलोंग, काल्पा और मनाली शून्य से नीचे के न्यूनतम तापमान में ठिठुरते रहे। मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना रहा जहां पारा शून्य के नीचे 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।
उन्होंने बताया कि किन्नौर के काल्पा जिले में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उनके अनुसार मनाली में पारा शून्य के नीचे एक डिग्री सेल्सियस तक लुढक गया जबकि डलहौजी एवं कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.4 और 4.4 डिग्री रहा। सिंह के अनुसार शिमला में न्यूनतम तामपान 4.6 दर्ज किया गया।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, आबू में पारा माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है जहां बीती बृहस्पतिवार रात न्यूनतम तापमान माउंट आबू में शून्य से नीचे 2.5 डिग्री व चुरू में 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अभी कई दिन तक शीतलहर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
मौसम विभाग के अनुसार बीती रात राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में चुरू में यह 0.3 डिग्री रहा। इसके अलावा सीकर में तापमान 1.0 डिग्री, पिलानी में 1.5 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.1 डिग्री, वनस्थली में 2.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.5 डिग्री, गंगानगर में 5.2 डिग्री, बूंदी में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में कई जगह दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी की है। विभाग के अनुसार राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, बूंदी, सीकर, झुंझुनू, अलवर व भरतपुर जिले में कहीं कहीं आगामी चौबीस घंटे में शीतलहर चलने की संभावना है।
कश्मीर घाटी में ठंड बढ़ी, पारा शून्य से नीचे गिरना जारी
कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से और नीचे चला गया तथा आसमान साफ रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीती रात, श्रीनगर में इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात रही। अधिकारियों ने कहा कि घाटी में रात के तापमान में गिरावट जारी रही और आसमान साफ रहा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा जो कि पिछली रात 4.8 डिग्री सेल्सियस था।
इस मौसम में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहर में पिछली रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी जिसके कारण कई जलाशय जम गए। गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री कम था। संघ शासित प्रदेश में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा।
अधिकारियों ने कहा कि पहलगाम में तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उन्होंने कहा कि काजीगुंड में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम और कोकेरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि जम्मू कश्मीर में इस महीने के अंत तक बहुत अधिक बर्फबारी की उम्मीद नहीं है और 21-22 दिसंबर को कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है।


