राहुल गांधी ने श्रीलंका से की भारत की तुलना, अर्थव्यवस्था को लेकर शेयर किए ग्राफ
By मनाली रस्तोगी | Updated: May 18, 2022 18:07 IST2022-05-18T18:04:54+5:302022-05-18T18:07:03+5:30
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत और श्रीलंका के लिए छह ग्राफिक्स, तीन-तीन का एक सेट साझा किया है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "लोगों का ध्यान भटकाने से तथ्य नहीं बदलेंगे। भारत काफी हद तक श्रीलंका जैसा दिखता है।"

राहुल गांधी ने श्रीलंका से की भारत की तुलना, अर्थव्यवस्था को लेकर शेयर किए ग्राफ
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को अर्थव्यवस्था की स्थिति की आलोचना करते हुए एक ट्वीट में भारत की तुलना संकटग्रस्त श्रीलंका से की। इस ट्वीट में बेरोजगारी, ईंधन की कीमतों और सांप्रदायिक हिंसा के मामले में दोनों देशों के ग्राफ समान दिखाई दिए। कांग्रेस नेता ने भारत और श्रीलंका के लिए छह ग्राफिक्स, तीन-तीन का एक सेट साझा किया है।
Distracting people won’t change the facts. India looks a lot like Sri Lanka. pic.twitter.com/q1dptUyZvM
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 18, 2022
वहीं, इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "लोगों का ध्यान भटकाने से तथ्य नहीं बदलेंगे। भारत काफी हद तक श्रीलंका जैसा दिखता है।" ग्राफ ने दोनों देशों में 2017 से बढ़ती बेरोजगारी को दिखाया, जो 2020 के आसपास चरम पर था। ये वो साल था जब भारत ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए लॉकडाउन लगाया था। वहीं, दूसरे ग्राफ में भारत और श्रीलंका में पेट्रोल की कीमतों की तुलना देखने को मिली।
तीसरा ग्राफ दोनों देशों में 2020-21 में सांप्रदायिक हिंसा में आई तेजी से वृद्धि को दर्शाता है। पोस्ट में सशस्त्र संघर्ष स्थान और इवेंट डेटा प्रोजेक्ट, लोकसभा अतारांकित प्रश्न, सीएमआईई, पेट्रोलियम योजना और विश्लेषण सेल, सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका और CEYPETCO (सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन) को डेटा का श्रेय दिया गया है। बता दें कि श्रीलंका इस समय भोजन और बिजली की भारी कमी से जूझ रहा है। दरअसल, भारत का पड़ोसी मुल्क कोविड-19 के कारण पर्यटन में आई कमी के कारण मंदी से जूझ रहा है।