श्रीलंका में भारतीय मछुआरों की हिरासत पर भारत ने चिंता जाहिर की
By भाषा | Updated: December 21, 2021 22:24 IST2021-12-21T22:24:03+5:302021-12-21T22:24:03+5:30

श्रीलंका में भारतीय मछुआरों की हिरासत पर भारत ने चिंता जाहिर की
नयी दिल्ली, 21 दिसंबर भारत ने श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु के 68 मछुआरों को हिरासत में लिये जाने पर मंगलवार को चिंता जाहिर की और कहा कि कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने मछुआरों की ''जल्द रिहाई'' का मुद्दा उठाया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ''हम 18 से 20 दिसंबर के बीच श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा तमिलनाडु से भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिये जाने को लेकर चिंतित हैं। हमें मिली जानकारी के अनुसार 68 मछुआरों को हिरासत में लिया गया है और 10 नौकाएं पकड़ी गई हैं।''
उन्होंने कहा कि कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने इन मछुआरों की ''जल्द रिहाई'' और उनकी नौकाओं को छोड़ने के मुद्दे पर श्रीलंका से बात की है।
बागची ने कहा, ‘‘भारत के महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने हिरासत में लिए गये मछुआरों से मुलाकात की और हर जरूरी मदद मुहैया किया। इनमें रिश्तेदारों से फोन कॉल की सुविधा दिलाने के अलावा कपड़े, प्रसाधन सामग्री, नाश्ता और मास्क आदि शामिल हैं। ’’
बागची ने भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही।
बागची ने कहा कि वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने अस्पताल जाकर एक मछुआर के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने विभिन्न राजनीतिक दलों से इस मुद्दे पर प्रतिवेदन प्राप्त किया है।
बागची ने कहा, ‘‘उन्हें इस विषय पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने फोन भी किया। उन्होंने उन सभी को मछुआरों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार की कोशिशों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।