मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है : नड्डा

By भाषा | Updated: January 31, 2021 20:19 IST2021-01-31T20:19:50+5:302021-01-31T20:19:50+5:30

In the Congress government headed by Chief Minister V. Narayanasamy, corruption is at its peak: Nadda | मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है : नड्डा

मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है : नड्डा

पुडुचेरी, 31 जनवरी भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करेगी।

इसके साथ ही उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त तथा विकासोन्मुखी सरकार देने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है।

नड्डा ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के चुनावों में भाजपा 30 में से 23 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

नड्डा ने दावा किया, “पिछले 35 साल में कांग्रेस के राज में केंद्र शासित प्रदेश की 52 प्रतिशत जनसंख्या गरीबी रेखा से नीचे है।”

उन्होंने कहा कि पेशेवर पाठ्यक्रम संचालित करने वाले कॉलेजों में भी भ्रष्टाचार फैला हुआ है।

यहां एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लंबे समय तक स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करवाए और भ्रष्टाचार के कारण पुडुचेरी के छात्रों को कालेजों में केंद्रीय सीटें आवंटित नहीं की गईं।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में पुडुचेरी को केंद्र से 70 प्रतिशत अनुदान मिलता था लेकिन नारायणसामी के केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद इसमें कटौती कर 30 प्रतिशत कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि पुडुचेरी कर्ज के जाल में फंस गया तथा 76 प्रतिशत युवा बेरोजगार हो गए और खादी जैसे सहकारी क्षेत्र के कर्मचारियों को चार साल तक वेतन नहीं दिया गया।

पुडुचेरी में अप्रैल या मई की शुरुआत में चुनाव हो सकते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “जब नारायणसामी मंत्री थे, उन्होंने झारखंड को पांच हजार करोड़ रुपये का कर्ज दिया था लेकिन पुडुचेरी का कर्ज माफ नहीं किया था।”

उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री ने संघ शासित प्रदेश के साथ इस प्रकार का ‘न्याय’ किया था।

नड्डा ने कहा कि वरिष्ठ नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं और पुडुचेरी में कमल खिलेगा और सत्ता पर काबिज होगा।

नारायणसामी के मंत्रिमंडल में नंबर दो की हैसियत रखने वाले नमः शिवायम समेत कई नेता हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हाशिये पर रखा।

उन्होंने कहा, “कमलम खिलेगा। यहां पुडुचेरी में कमलम खिलने वाला है। हम 23 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे।”

नड्डा ने लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार भ्रष्टाचार मुक्त होगी और पुडुचेरी के विकास के लिए केंद्रित होगी।

उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में आईटी पार्क विकसित किया जाएगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: In the Congress government headed by Chief Minister V. Narayanasamy, corruption is at its peak: Nadda

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे