बिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह
By एस पी सिन्हा | Updated: April 5, 2026 17:46 IST2026-04-05T17:36:47+5:302026-04-05T17:46:20+5:30
सुधार वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने की खबर से वे सभी दुखी हैं। ऐसे समय में नीतीश कुमार अगर अपने बेटे निशांत कुमार को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाते हैं तो हमारी पीड़ा थोड़ी कम जरूर हो जाएगी।

बिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और मुख्यमंत्री का पद छोड़ने को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने सत्याग्रह शुरू कर दिया है। गांधी मैदान में बापू की मुर्ति के नीचे सत्याग्रह पर बैठी महिलाओं का कहना है कि हमें अगला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं तो निशांत कुमार चाहिए। महिलाएं चाहती हैं कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं, तो उनकी जगह उनके बेटे निशांत कुमार को जिम्मेदारी दी जाए।
इस मांग को लेकर पटना के गांधी मैदान में सुधार वाहिनी की महिलाओं ने रविवार को बापू की प्रतिमा के पास बैठकर सत्याग्रह किया। महिलाओं का कहना है कि वे किसी और नेता पर भरोसा नहीं कर पा रही हैं और उन्हें लगता है कि निशांत कुमार ही इस जिम्मेदारी को सही तरीके से निभा सकते हैं। सुधार वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने की खबर से वे सभी दुखी हैं। ऐसे समय में नीतीश कुमार अगर अपने बेटे निशांत कुमार को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाते हैं तो हमारी पीड़ा थोड़ी कम जरूर हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि निशांत के मुख्यमंत्री बनने से एक भरोसा कायम होगा कि जिस तरह से नीतीश कुमार ने रक्षक बनकर महिलाओं की रक्षा की है, हमारे लिए काम किया है और हमें आत्मनिर्भर बनाया है तो उनके बेटे निशांत कुमार जो सादगी के प्रतीक हैं। उनको लेकर हमें भरोसा है कि अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो वह अपने पिता के पदचिन्हों पर चलेंगे।
महिलाओं ने कहा कि जिस तरह से उनके पिता नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते महिलाओं के लिए जो काम किया है, निशांत उस, काम को आगे बढ़ाएंगे। जिस तरह से नीतीश कुमार एनडीए के नेता हैं उसी तरह से अगर निशांत सीएम बनते हैं तो वह भी एनडीए के नेता होंगे।
उनका कहना था कि भाजपा से कौन मुख्यमंत्री बन रहा है, इससे हमें कोई मतलब नहीं है बल्कि हमें तो हमारा रक्षक चाहिए। जो महिलाओं के लिए काम करे, हमें वैसा नेता बिहार में चाहिए। निशांत को छोड़कर किसी और पर भरोसा करना हम महिलाओं के बस की बात नहीं है। सत्याग्रह में शामिल अन्य महिलाओं का कहना है कि राज्य में महिलाओं के लिए जो काम हुए हैं, वो काफी अहम हैं और वे चाहती हैं कि यह सिलसिला जारी रहे।