लाइव न्यूज़ :

हैदरपोरा मुठभेड़: मुख्यधारा की पार्टियों, अलगाववादियों ने माग्रे के शव को परिवार को सौंपने की मांग की

By भाषा | Updated: November 19, 2021 21:03 IST

Open in App

श्रीनगर, 19 नवंबर जम्मू कश्मीर में हैदरपोरा मुठभेड़ में मारे गए दो आम नागरिकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जाने के बाद गोलीबारी में मारे गए तीसरे व्यक्ति आमिर माग्रे के शव को भी उसके परिवार के हवाले करने की मांग ने शुक्रवार को जोर पकड़ लिया। माग्रे के परिजनों का दावा है कि वह निर्दोष था।

राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर मुख्यधारा के नेताओं के साथ-साथ अलगाववादी खेमे ने भी माग्रे के शव को अंतिम संस्कार के लिए जम्मू के रामबन इलाके में उनके परिवार को सौंपने की मांग की। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘हैदरपोरा मुठभेड़ में मारे गए आमिर माग्रे का उनका शोकग्रस्त परिवार अभी सम्मानजनक अंतिम संस्कार नहीं कर पाया है। तथ्य यह है कि ये परिवार न्याय मांगने के बजाय शव लौटाने की गुहार कर रहे हैं, यह व्यवस्था में उनके विश्वास की कमी को दर्शाता है। उनका पार्थिव शरीर तुरंत लौटाया जाना चाहिए।’’

नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता रूहुल्लाह मेहदी ने एक ट्वीट किया, ‘‘क्या आमिर माग्रे का शव उनके परिवार को लौटा दिया गया है? और अगर नहीं तो क्यों? क्या प्रशासन और हमें (समाज को) लगता है कि वह इसके हकदार नहीं हैं? और मारे गए चौथे व्यक्ति की पहचान और विवरण के बारे में क्या? या कोई चौथा था? क्या उनमें कोई लड़ाका भी था?’’

श्रीनगर के महापौर जुनैद अजीम मट्टू ने भी माग्रे के पार्थिव शरीर को उनके परिवार को सौंपने की मांग की। मट्टू ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय नागरिक के रूप में रामबन के आमिर माग्रे को भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत अल्ताफ भट और मुदासिर गुल के समान (जीवन और मृत्यु में) अधिकार प्राप्त हैं। मनोज सिन्हा साहब से अनुरोध है कि माग्रे का पार्थिव शरीर भी अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार को सौंप दिया जाए।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने भी सरकार से बिना किसी और देरी के शव लौटाने का आग्रह किया। तारिगामी ने कहा, ‘‘किसी भी संदेह से परे यह साबित हो गया है कि माग्रे एक आम नागरिक हैं। उनके पिता अब्दुल लतीफ माग्रे एक राज्य बहादुरी पुरस्कार के विजेता हैं और अब उनके बेटे को मार दिया गया है और उसे गलत तरीके से एक आतंकवादी करार दिया गया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

उन्होंने कहा कि कम से कम जम्मू-कश्मीर प्रशासन माग्रे का शव लौटा दे ताकि उनका परिवार उनका अंतिम संस्कार कर सके। माकपा नेता ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि निहत्थे नागरिकों की हत्या में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाया जाए और दंडित किया जाए।

अलगाववादी हुर्रियत कांफ्रेंस ने भी अधिकारियों से माग्रे का शव उनके परिवार को लौटाने का आह्वान किया। एक बयान में मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले हुर्रियत ने कहा, ‘‘यह घृणित रूप से अमानवीय है। हुर्रियत अधिकारियों से कश्मीर में प्रचंड हिंसा को रोकने का आह्वान करता है।’’

हैदरपोरा मुठभेड़ में मारे गए दो आम नागरिकों मोहम्मद अल्ताफ भट और मुद्दसिर गुल के शवों को बृहस्पतिवार की रात उनके परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद इनके परिवार के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया और दावा किया कि वे निर्दोष थे और पुलिस के दावे के उलट आतंकवाद से नहीं जुड़े थे। पुलिस ने शुरू में उन्हें उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में दफनाया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos