हैदराबाद: गोशामहल विधायक राजा सिंह के खिलाफ FIR, पैगंबर मोहम्मद को लेकर की थी टिप्पणी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 5, 2025 22:22 IST2025-10-05T22:19:52+5:302025-10-05T22:22:10+5:30
पुलिस ने बताया कि सिंह के पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद लोगों के एक समूह ने शनिवार को शालीबंदा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

MLA Raja Singh
हैदराबादः मध्य प्रदेश में हाल ही में आयोजित एक बैठक में पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए तेलंगाना के गोशामहल से विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हैदराबाद पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सिंह के पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद लोगों के एक समूह ने शनिवार को शालीबंदा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सिंह हिंदुत्व के समर्थन में बयान देने के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले, उन्हें अगस्त 2022 में इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित टिप्पणियों के लिए गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था। हालांकि, उन्होंने 2025 की शुरुआत में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।