महाराष्ट्र में सैकड़ों लोगों ने उप्र तथा असम सरकारों के खिलाफ किया प्रदर्शन
By भाषा | Updated: October 2, 2021 11:45 IST2021-10-02T11:45:02+5:302021-10-02T11:45:02+5:30

महाराष्ट्र में सैकड़ों लोगों ने उप्र तथा असम सरकारों के खिलाफ किया प्रदर्शन
ठाणे, दो अक्टूबर महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मुंब्रा में एक मुस्लिम संगठन की अगुवाई में सैकड़ों लोगों ने उत्तर प्रदेश में एक इस्लामी विद्वान की गिरफ्तारी तथा तथा असम में अतिक्रमण हटाने के अभियान में एक व्यक्ति की मौत को लेकर दोनों राज्यों की भारतीय जनता पार्टी की सरकारों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने ‘‘बड़ा धर्मांतरण गिरोह’’ चलाने के आरोप में मेरठ से इस्लामिक विद्वान मौलाना कलीम सिद्दीकी को हाल में गिरफ्तार किया जबकि असम सरकार ने दरांग जिले में कथित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ उन्हें हटाने का एक अभियान चलाया था। कथित अतिक्रमणकारियों में बड़ी संख्या में बंगाली मुस्लिम समुदाय के सदस्य हैं।
उलेमा कमेटी मुंब्रा-कौसा ने शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश और असम की इन घटनाओं को ‘‘गैरकानूनी’’ बताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया।
विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ इंस्पेक्टर मधुकर काड को एक ज्ञापन पत्र सौंपा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।