लाइव न्यूज़ :

हिंदू युवती ने लगाया धर्मांतरण की जबरन कोशिश का आरोप, माता-पिता समेत नौ गिरफ्तार 

By भाषा | Updated: January 27, 2021 18:01 IST

Open in App

इंदौर, 27 जनवरी जबरन धर्मांतरण के खिलाफ मध्यप्रदेश सरकार के नये अध्यादेश के तहत पुलिस ने यहां 25 वर्षीय युवती की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए उसके माता-पिता समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ईसाई समुदाय के एक केंद्र में कई लोगों का धर्म जबरन बदलने की कोशिश का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था।

भंवरकुआं पुलिस थाने के प्रभारी संतोष कुमार दूधी के मुताबिक शालिनी कौशल (25) ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी मां रानी कौशल और पिता राकेश कौशल मंगलवार सुबह नानी के घर ले जाने का कथित झांसा देकर उन्हें ईसाई समुदाय के "सत्प्रकाशन संचार केंद्र" में चल रही प्रार्थना सभा में ले गए। यह केंद्र भंवरकुआं पुलिस थाने के ठीक पीछे स्थित है।

इंदौर के पास स्थित गुजरखेड़ा गांव से ताल्लुक रखने वाली युवती के हवाले से प्राथमिकी में कहा गया, "वहां (सत्प्रकाशन संचार केंद्र) कुछ लड़कियां थीं जो मेरे हाथ-पैर खींचकर मेरे साथ मारपीट कर रही थीं। मुझे वहां एक हॉल में जबरन बैठाकर रखा गया था। बहुत सारे लोग मंच पर प्रभु यीशु के गाने बजा रहे थे। वे मुझे इन गानों पर नाचने के लिए बोल रहे थे।"

युवती के हवाले से प्राथमिकी में यह भी लिखा गया, "मैं हिंदू धर्म में जन्मी हूं और इसी धर्म का पालन करती हूं। प्रभु यीशु में मेरी कोई आस्था नहीं है, न ही मैं ईसाई धर्म अपनाना चाहती हूं। लेकिन मेरी मम्मी और वहां (प्रार्थना सभा) ईसाई धर्म के आयोजकों द्वारा मेरा जबरन धर्मांतरण कराया जा रहा था।"

थाना प्रभारी के मुताबिक युवती की शिकायत पर उसके माता-पिता और गणतंत्र दिवस पर आयोजित विवादास्पद प्रार्थना सभा में मौजूद नौ अन्य लोगों के खिलाफ "मध्यप्रदेश धर्म स्वातंत्र्य अध्यादेश 2020" के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया, "शिकायतकर्ता युवती के माता-पिता समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शेष दो आरोपियों की तलाश जारी है।"

उधर, सत्प्रकाशन संचार केंद्र के निदेशक फादर बाबू जोसफ के मुताबिक ईसाई समुदाय के एक समूह को मंगलवार को बैठक और प्रार्थना सभा के लिए इस केंद्र का हॉल दिया गया था। लेकिन "कुछ असामाजिक तत्व" धर्मांतरण संबंधी गतिविधि चलने का आरोप लगाते हुए इस हॉल में बलपूर्वक घुस गए।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने सत्प्रकाशन संचार केंद्र के हॉल में लगे माइक सैट को गिरा दिया, दीवार पर लगी एक तस्वीर को नीचे पटक दिया और जमकर हंगामा शुरू कर दिया।

जोसफ ने हालांकि दावा किया, "इस घटनाक्रम के दौरान मैं केंद्र में नहीं था और वहां मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।"

केंद्र के संचालक ने कहा कि घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर माहौल शांत किया। उन्होंने बताया कि घटनाक्रम को लेकर उनके केंद्र की ओर से फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।

इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें घटनाक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता सत्प्रकाशन संचार केंद्र के परिसर में धार्मिक नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं।

बजरंग दल की स्थानीय इकाई के प्रमुख तन्नू शर्मा ने आरोप लगाया कि ईसाई समुदाय के इस केंद्र में इंदौर के साथ ही खंडवा, झाबुआ, बुरहानपुर और राज्य के अन्य जिलों के करीब 300 लोगों को धर्मान्तरण के लिए बुलाया गया था।

भंवरकुआं पुलिस थाने के प्रभारी संतोष कुमार दूधी ने हालांकि कहा, "इस केंद्र में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल ज्यादातर लोगों ने हमसे कहा कि वे अपनी इच्छा से वहां गए थे और उन्हें इस कार्यक्रम को लेकर कोई शिकायत नहीं है। केवल शालिनी कौशल ने कहा कि उन्हें उनके माता-पिता जबरन धर्मांतरण के लिए इस कार्यक्रम में ले गए थे।"

दूधी ने दावा किया कि शिकायतकर्ता युवती के माता-पिता का ईसाई धर्म के प्रति झुकाव है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेट3 मैच, 22 रन, 2 चौके, 1 छक्का और 19 गेंद?, टी20 विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन क्यों आईपीएल में हो रहे फेल?, सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट

भारतकौन थे डॉ. मणि छेत्री?, 106 वर्ष की आयु में निधन

भारतपवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात रखते हैं तो IPC की धारा 420 और 468 लगती है?

क्रिकेटगांगुली और रोहित क्लब में शामिल होंगे गायकवाड़, केवल 1 मैच दूर?, आईपीएल में भारतीय कप्तानों द्वारा लगातार हारे गए मैच?

भारतपश्चिम एशिया युद्धः ओमान तट के निकट ड्रोन बोट हमले में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय नाविक दीक्षित सोलंकी का शव मुंबई लाया

भारत अधिक खबरें

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं