हिमाचल प्रदेश उपचुनाव: धर्मशाला और पच्छाद सीट पर BJP विजयी, सतपाल सिंह सत्ती ने दिया पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का श्रेय
By भाषा | Updated: October 24, 2019 16:13 IST2019-10-24T16:13:03+5:302019-10-24T16:13:03+5:30
पच्छाद में भाजपा की रीना कश्यप (22048) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व मंत्री कांग्रेस के गंगू राम मुसाफिर (19306) को 2,742 मतों के अंतर से हराया।

Himachal Pradesh by-election result declared 2019: BJP victorious in Dharamsala and Pachad seat,
हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्य की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में मिली जीत का श्रेय बेहतर चुनाव प्रबंधन और पार्टी कार्यकर्ताओें की कड़ी मेहनत को दिया है। हिमाचल भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा ने बागियों की चुनौतियों के बावजूद धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की।
सत्ती ने कहा कि दोनों सीटों पर बागी उम्मीदवारों के खड़े होने के बावजूद भाजपा ने जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में भाजपा के चुनाव प्रबंधन और पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत तक जब्त हो गई। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने एक बार फिर कांग्रेस को खारिज कर दिया।
पच्छाद में भाजपा की रीना कश्यप (22048) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व मंत्री कांग्रेस के गंगू राम मुसाफिर (19306) को 2,742 मतों के अंतर से हराया। बागी भाजपा उम्मीदवार दयाल प्यारी ने बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें केवल 11,651 मतों के साथ तीसरा स्थान मिला।
बहरहाल, इससे भाजपा की जीत का अंतर घटा क्योंकि दयाल प्यारी को 11,651 वोट हासिल हुए। धर्मशाला में भाजपा के विशाल नेहरिया (23498) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकेश कुमार (16740) को 6,758 मतों के अंतर से हराया। कुमार भाजपा के बागी नेता थे और उन्होंने निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ा था।
कांग्रेस के विजय इंद्र कर्ण की जमानत जब्त हो गयी क्योंकि वह कुल वैध मतों का छठा हिस्सा भी हासिल नहीं कर पाए। उन्हें सिर्फ 8212 वोट मिले।