हेमंत सोरेन सहित इन तीन दिग्गजों ने ली शपथ, जानें शपथग्रहण की 10 बड़ी बातें
By स्वाति सिंह | Updated: December 29, 2019 14:56 IST2019-12-29T14:56:50+5:302019-12-29T14:56:50+5:30
हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू उन्हें राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी की गठबंधन सरकार के मुखिया बने हेमंत सोरेन झारखंड के 11वें सीएम बने हैं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) नेता हेमंत सोरेन ने रविवार (29 दिसंबर) को झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू उन्हें राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 44 वर्षीय हेमंत सोरेन राज्य में दूसरी बार मुख्यमंत्री का पद संभाला। इसके पहले वह 2013 में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
1. झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी की गठबंधन सरकार के मुखिया बने हेमंत सोरेन झारखंड के 11वें सीएम बने हैं।
2. रांची के प्रसिद्ध मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई
3. हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने मंत्री पद की शपथ ली।
4. हेमंत सोरेन झारखंड राज्य के सबसे कम उम्र के सीएम भी रह चुके हैं, आज वह दोबारा मुख्यमंत्री बने हैं।
5. मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह को विपक्षी एकजुटता का ऐतिहासिक अवसर बनाने के लिए कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, पूर्व राज्यसभा सांसद शरद यादव, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सुबोध कांत सहाय, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत समेत तमाम बड़े नेता मौजूद रहे।
6. इसके अलावा यहां डीएमके नेता एमके स्टालिन, जेएमएम नेता और हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, एनसीपी नेता सुप्रिया सुलेऔर प्रदेश के पूर्व सीएम रघुबर दास भी मंच पर मौजूद रहे।
7. जबकि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रांची नहीं पहुंचे।
8. 44 साल के हेमंत सोरेन को 24 दिसंबर को गठबंधन की ओर से विधायक दल का नेता चुना गया था।
9. झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में झारखंड मुक्ति मोर्चा को 30 सीटें मिली है। इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल बीजेपी को इस चुनाव में 25 सीट मिली है।
10. नये मुख्यमंत्री, उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों, बाहर से आये अतिथियों एवं अन्य गण्यमान लोगों के लिए राजभवन में दोपहर तीन बजे से चार बजे तक मिलन समारोह एवं चाय-नाश्ते का आयोजन किया गया है।