दिल्ली में लू का कहर जारी, पारा 43.1 डिग्री पर पहुंचा
By भाषा | Updated: July 1, 2021 21:41 IST2021-07-01T21:41:37+5:302021-07-01T21:41:37+5:30

दिल्ली में लू का कहर जारी, पारा 43.1 डिग्री पर पहुंचा
नयी दिल्ली, एक जुलाई राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को लोगों को लू के जबरदस्त थपेड़ों का सामना करना पड़ा और अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से पांच डिग्री अधिक है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक रहने पर लू की आशंका जताई जाती है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्ष आर्द्रता का स्तर शाम को 29 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने दिल्ली में शुक्रवार को गरज के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली में सोमवार को इस गर्मी की पहली लू चली जब पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार शाम ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गयी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मिले आंकड़ों के अनुसार, शाम सात बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 236 रहा।
गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच को ‘‘संतोषजनक’’, 101 और 200 के बीच को ‘‘मध्यम’’, 201 और 300 के बीच को ‘‘खराब’’, 301 और 400 के बीच को ‘‘बहुत खराब’’ और 400 से 500 को ‘‘गंभीर’’ श्रेणी में रखा जाता है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।