हरियाणा: नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या
By भाषा | Updated: June 8, 2021 19:37 IST2021-06-08T19:37:10+5:302021-06-08T19:37:10+5:30

हरियाणा: नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या
चंडीगढ़, आठ जून हरियाणा में रोहतक की एक आवासीय कालोनी में 12 वर्षीय लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर कथित तौर पर आरोपी ने 24 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कामेश ने सोमवार रात को जब आरोपी को छेड़छाड़ करने से रोका तो उसने चाकू मार कर उसकी जान ले ली। बॉक्सर बताए गए कामेश मॉडलिंग और अभिनय में भी हाथ आजमा चुके थे।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रोहतक, गोरखपाल ने बताया कि कामेश ताज कालोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे, तभी उन्होंने एक युवक को छेड़खानी करते देखा और उसे ऐसा दोबारा नहीं करने को कहा। इससे गुस्साए आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर कामेश पर कई वार किए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि घटना के समय आरोपी के अन्य दोस्त भी मौजूद थे। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।