हरियाणा : पुलिस के सामने भिड़े दो गुट, एसआई गंभीर रूप से घायल
By भाषा | Updated: August 21, 2021 17:11 IST2021-08-21T17:11:19+5:302021-08-21T17:11:19+5:30

हरियाणा : पुलिस के सामने भिड़े दो गुट, एसआई गंभीर रूप से घायल
हरियाणा के भिवानी जिले स्थित गांव पैंतावास कलां में बीती रात पुलिस के सामने ही दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें पुलिस उपनिरीक्षक सहित कई लोग घायल हो गए। घायल पुलिकर्मी की गंभीर हालत देखतें हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में सात नामजद समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर शुक्रवार रात करीब नौ बजे पुलिस टीम उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गांव पहुंची जहां के चौक पर दो पक्षों में झगड़ा हो रहा था। पुलिस की शांति की अपील के बावजूद लोग नहीं माने और इस दौरान दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई। एक पत्थर महेंद्र सिंह के सिर पर भी लगा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लहुलूहान हालत में उपचार के लिए उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने घायल उपनिरीक्षक के बयान के आधार पर सात नमजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में कुछ और लोगों के घायल होने की सूचना है। मामले की जांच सदर थाना के उपनिरीक्षक अनिल कपूर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में नरेश, संदीप, संजय, रवि, संदीप, जयसिंह व हसन समेत चार-पांच अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहित की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और जल्द दंडनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।