Haryana Result: अमित शाह और मोहन यादव के सामने विधायक चुनेंगे नेता?, बीजेपी ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया, प्रह्लाद जोशी-तरुण चुघ चुनेंगे जम्मू-कश्मीर विधायक दल नेता
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 13, 2024 22:18 IST2024-10-13T22:17:12+5:302024-10-13T22:18:39+5:30
Haryana Result: हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें जीतीं।

file photo
Haryana Result: भाजपा संसदीय बोर्ड ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को हरियाणा में राज्य विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया। हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार जीत हासिल की है। चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए गए थे।
राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें जीतीं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को जम्मू-कश्मीर में विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस 42 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और 95 सदस्यीय सदन में उसे आसान बहुमत हासिल है, क्योंकि उसके गठबंधन सहयोगियों कांग्रेस और माकपा ने क्रमशः छह और एक सीट जीती है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अब तक की सबसे अधिक 29 सीटें हासिल की हैं।
