Haryana Elections 2024: 1028 उम्मीदवारों में से 538 करोड़पति, बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु सबसे अमीर
By रुस्तम राणा | Updated: September 30, 2024 17:19 IST2024-09-30T17:15:18+5:302024-09-30T17:19:09+5:30
बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु सभी उम्मीदवारों में सबसे अमीर हैं, जिनकी कुल संपत्ति ₹491 करोड़ से अधिक है। वे हरियाणा के हिसार जिले की नारनौंद सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

Haryana Elections 2024: 1028 उम्मीदवारों में से 538 करोड़पति, बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु सबसे अमीर
Haryana Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक उम्मीदवार की औसत संपत्ति ₹8.68 करोड़ है। कैप्टन अभिमन्यु ₹491 करोड़ से अधिक की संपत्ति के साथ सबसे धनी उम्मीदवार हैं। रोहतास सिंह और सावित्री जिंदल दो अन्य उम्मीदवार हैं जो शीर्ष तीन सबसे धनी उम्मीदवारों की सूची में हैं। चुनाव निगरानी संस्था एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में चुनाव लड़ने वाले 1031 उम्मीदवारों में से 1028 के स्व-शपथ पत्रों का विश्लेषण किया। हरियाणा विधानसभा के 90 सदस्यों के चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को मतदान होना है।
बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु सबसे अमीर उम्मीदवार
बीजेपी के कैप्टन अभिमन्यु सभी उम्मीदवारों में सबसे अमीर हैं, जिनकी कुल संपत्ति ₹491 करोड़ से अधिक है। वे हरियाणा के हिसार जिले की नारनौंद सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उम्मीदवार रोहतक सिंह और सावित्री जिंदल भी पीछे नहीं हैं। गुरुग्राम जिले की सोहना सीट से चुनाव लड़ रहे रोहतास सिंह की संपत्ति 484 करोड़ से ज़्यादा है। यह कैप्टन अभिमन्यु की संपत्ति से लगभग 1.4 प्रतिशत कम है। दूसरी ओर, सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 270 करोड़ रुपये से अधिक है। वह हिसार निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।
52% करोड़पति
एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट में कहा गया है कि 1028 उम्मीदवारों में से 538 उम्मीदवार यानी 52 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। यह 2019 के विधानसभा चुनावों के आंकड़ों से 0.19 अंकों की मामूली वृद्धि है, जहां 42 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति थे।
अमीर उम्मीदवारों में बीजेपी सबसे आगे
पार्टीवार करोड़पति उम्मीदवारों पर नजर डालें तो बीजेपी पहले नंबर पर है, जहां पार्टी में 96% करोड़पति हैं। वहीं, कांग्रेस 94% करोड़पतियों के साथ दूसरे नंबर पर है, जबकि जननायक जनता पार्टी तीसरे नंबर पर है, जहां पार्टी में 70% करोड़पति हैं। भारत की तीसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी बहुजन समाज पार्टी में करोड़पतियों की संख्या सबसे कम है। केवल 51% यानी 35 में से 18 उम्मीदवारों ने ₹1 करोड़ से ज़्यादा की संपत्ति घोषित की है।