Haryana Cabinet Reshuffle: मनोहर लाल खट्टर मंत्रिमंडल का विस्तार, भाजपा के कमल गुप्ता, जजपा के देवेंद्र सिंह बबली ने मंत्री के रूप में शपथ ली
By सतीश कुमार सिंह | Updated: December 28, 2021 17:05 IST2021-12-28T17:04:55+5:302021-12-28T17:05:57+5:30
Haryana Cabinet Reshuffle: हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर नीत सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को हो गया। भाजपा के मुख्यमंत्री सहित 10 मंत्री हो गए।

यह पिछले दो साल में दूसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार है।
Haryana Cabinet Reshuffle: हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। भाजपा के कमल गुप्ता, जजपा के देवेंद्र सिंह बबली ने मंत्री के रूप में शपथ ली है। यह पिछले दो साल में दूसरी बार मंत्रिमंडल का विस्तार है।
मंत्रिमंडल में टोहाना से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के विधायक देवेंद्र सिंह बबली और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कोटे से एक विधायक मंत्री बनाए गए। हिसार से विधायक डॉ कमल गुप्ता ने संस्कृत में शपथ ली। हरियाणा में भाजपा और जजपा गठबंधन की सरकार है और उसे 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत हासिल है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 2019 में शपथ ग्रहण के करीब दो सप्ताह बाद नवंबर महीने में मंत्रिपरिषद का विस्तार किया था और 10 नये मंत्रियों को इसमें शामिल किया था। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले संवाददाताओं से कहा, “दो विधायकों को शामिल किया जाएगा। एक कमल गुप्ता हैं और दूसरे देवेंद्र बबली।”
खट्टर ने मंत्रिपरिषद में विस्तार को लेकर कई महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा, "हां, अब सस्पेंस खत्म हो गया है।" दो विधायकों के शपथ लेने के बाद, मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद में संख्या बल 14 हो जाएगा, जोकि ऊपरी सीमा भी है। इससे पहले, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के 27 अक्टूबर, 2019 को शपथ लेने के कुछ दिन बाद नवंबर 2019 में 10 विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था।