हरियाणा चुनावः सुखबीर सिंह बादल ने कहा- लोगों की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए जाने जाते हैं क्षेत्रीय दल
By भाषा | Updated: October 13, 2019 05:55 IST2019-10-13T05:55:44+5:302019-10-13T05:55:44+5:30
हरियाणा के कालांवाली विधानसभा क्षेत्र से शिअद के उम्मीदवार राजिंदर सिंह देसूजोधा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री देवीलाल को ही सिरसा जिले के ज्यादातर विकास का श्रेय जाता है।

File Photo
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि क्षेत्रीय दल लोगों की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए जाने जाते हैं तथा शिअद एवं इंडियन लोकदल दल (इनेलो) ने अपनी अपनी सरकारों में सदैव ग्रामीण क्षेत्रों का विकास किया। हरियाणा में भाजपा से नाता तोड़ने के बाद शिअद इनेलो के साथ गठजोड़ कर विधानसभा चुनाव लड़ रहा है।
हरियाणा के कालांवाली विधानसभा क्षेत्र से शिअद के उम्मीदवार राजिंदर सिंह देसूजोधा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री देवीलाल को ही सिरसा जिले के ज्यादातर विकास का श्रेय जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ चौधरी साहब (देवीलाल) ने इस क्षेत्र से जलजमाव खत्म किया जिस तरह (प्रकाश सिंह)बादल ने (पंजाब के) मुक्तसर में किया।’’ उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व में पंजाब में आशातीत विकास हुआ और राज्य बिजली के मामले में अधिशेष वाला राज्य बन गया। राज्य में पांच हवाई अड्डे बनाये गये , बुनियादी ढांचों का विकास हुआ तथा ट्यूबवेल कनेक्शनों के लिए मुफ्त बिजली दी गयी।
सिंह ने कहा, ‘‘ हम हरियाणा में उसी स्तर का विकास लाना चाहते हैं।’’ हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव है। शिअद ने तीन विधानसभा क्षेत्रों कालांवाली, रतिया और गुहला चीका से उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।