Happy Birthday Rabri Devi: जन्मदिन पर राबड़ी देवी को लालू यादव ने यूं दी बधाई?, शुभकामनाएं देने वालों का तांता, देखें वीडियो
By एस पी सिन्हा | Updated: January 1, 2025 17:07 IST2025-01-01T17:05:47+5:302025-01-01T17:07:30+5:30
Happy Birthday Rabri Devi Lalu Prasad Yadav: सभी को हैप्पी न्यू ईयर, नया साल मंगलमय हो। सब लोग सुखी रहें, संपन्न रहें और भेदभाव मिटाकर एकजुट होकर काम करें।

photo-lokmat
Happy Birthday Rabri Devi Lalu Prasad Yadav: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को देशवासियों और बिहारवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि सभी को हैप्पी न्यू ईयर, नया साल मंगलमय हो। सब लोग सुखी रहें, संपन्न रहें और भेदभाव मिटाकर एकजुट होकर काम करें। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि हमने राबड़ी देवी को जन्मदिन की बधाई दे दी है। दरअसल, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने बुधवार को अपना जन्मदिन मनाया।
इस मौके पर उनके आवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। नए साल और राबड़ी देवी के जन्मदिन के अवसर पर लालू प्रसाद यादव के आवास पर विधायकों, सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। सभी नेता और कार्यकर्ता उन्हें और राबड़ी देवी को शुभकामनाएं देने पहुंचे।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनकी दो मुख्य कामनाएं हैं-लालू यादव और राबड़ी देवी हमेशा स्वस्थ रहें और 2025 में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में सरकार बने। कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस मौके पर अपनी एकजुटता और उम्मीद जाहिर की कि तेजस्वी यादव 2025 में मुख्यमंत्री बनेंगे।
बता दें कि राबड़ी देवी का जन्म 1955 में गोपालगंज में हुआ था। राबड़ी देवी 25 जुलाई 1997 को बिहार की मुख्यमंत्री उस समय बनीं, जब बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में लालू यादव को जेल जाना पड़ा था। राबड़ी देवी ने तीन कार्यकाल में मुख्यमंत्री पद संभाला।
मुख्यमंत्री के रूप में उनका पहला कार्यकाल सिर्फ़ 2 साल का रहा। दूसरे और तीसरे कार्यकाल में उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में राबड़ी देवी वैशाली के राघोपुर क्षेत्र से निर्वाचित हुईं।

