ठाणे, 11 नवंबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक टेम्पो से 6.81 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नरपोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी कस्बे में मनकोली पुल के निकट मंगलवार की रात छापेमारी की और वाहन से गुटखा जब्त किया।
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो बिहार का मूल निवासी है और मुंबई के धारावी में रहता था। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 2012 से ही सभी तरह के गुटखे की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।