लाइव न्यूज़ :

गुजरात: 'आप' के विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय में हिंसक झड़प, 70 गिरफ्तार

By भाषा | Updated: December 20, 2021 23:53 IST

Open in App

अहमदाबाद, 20 दिसंबर आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इतालिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता हाल में लिपिक भर्ती परीक्षा का पर्चा लीक होने के मामले पर विरोध दर्ज कराने के लिये सोमवार को भाजपा की राज्य इकाई के मुख्यालय में घुस गए, जहां उनकी भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि गांधीनगर पुलिस ने 500 लोगों की भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और इतालिया सहित आप के लगभग 70 कार्यकर्ताओं व नेताओं को राज्य भाजपा मुख्यालय 'कमलम' के अंदर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया।

उन्होंने कहा कि कुछ पुलिसकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को चोटें आईं हैं।

पुलिस उपाधीक्षक एम.के. राणा ने कहा कि झड़प के बारे में पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, इतालिया और इसुदान गढ़वी सहित आप के कई कार्यकर्ताओं व नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।

एक ओर, भाजपा ने आप सदस्यों पर उनके परिसर में हिंसा करने का आरोप लगाया, तो वहीं अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाले दल ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने उसके कार्यकर्ताओं पर हमला करने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली।

गुजरात आप के प्रवक्ता योगेश जादवानी ने कहा, ''हम पेपर लीक के बारे में एक ज्ञापन सौंपने के लिए भाजपा कार्यालय गए थे। हमारा विरोध शांतिपूर्ण था, हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों द्वारा आप सदस्यों पर हमला किया गया। हमारे कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। हम अदालत में शिकायत दर्ज करने की योजना बना रहे हैं। ''

गांधीनगर जिले के पुलिस अधीक्षक मयूर चावड़ा ने कहा कि भाजपा नेता श्रद्धा राजपूत द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर, इतालिया और गढ़वी सहित 500 लोगों के खिलाफ इंफोसिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसपी ने कहा, ''प्राथमिकी के अनुसार, लगभग 500 लोगों की भीड़ ने भाजपा कार्यालय के अंदर हंगामा किया। इनमें से, हम पहले ही 70 को गिरफ्तार कर चुके हैं, जिन्हें दिन में हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में इतालिया, गढ़वी और निखिल सवानी जैसे प्रमुख नेता शामिल है। हिंसा के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों और भाजपा सदस्यों को चोटें आईं।''

इस बीच एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारी समूह में शामिल रहे आप नेता इसुदान गढ़वी पर भाजपा की कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने शराब के नशे में उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया, जिसके बाद गढ़वी को मेडिकल जांच के लिए गांधीनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया।

गुजरात 'आप' के फेसबुक पेज पर साझा किए गए एक वीडियो में, इतालिया, गढ़वी और अन्य पार्टी कार्यकर्ता पेपर लीक की घटना को लेकर गांधीनगर के पास भाजपा मुख्यालय पर जबरन घुसते नजर आए। वे पेपर लीक मामले को लेकर गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (जीएसएसएसबी) के अध्यक्ष असित वोरा के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टकोई इतना अमानवीय और क्रूर कैसे हो सकता है?

विश्व‘एलिमेंट्‌स’ को बचानेवाले फारसी विद्वान और यूक्लिड से प्रेरित शरलॉक 

पूजा पाठPanchang 07 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

पूजा पाठRashifal 07 April 2026: आज नौकरी में तरक्की, धन-संपत्ति में बढ़ोतरी के शुभ योग

स्वास्थ्यविश्व स्वास्थ्य दिवसः वैज्ञानिक सोच से बदलेगी सेहत की तस्वीर

भारत अधिक खबरें

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे