अलर्ट पर गुजरात पुलिसः समुद्री रास्ते से घुस सकते हैं आतंकी, कांडला की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
By भाषा | Updated: August 29, 2019 17:33 IST2019-08-29T17:32:52+5:302019-08-29T17:33:08+5:30
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह कदम समुद्री रास्ते से संभावित आतंकवादी हमले की भारतीय नौसेना की चेतावनी के कुछ दिन बाद उठाया गया है। मुंदड़ा बंदरगाह का संचालन अडानी समूह करता है और यह देश के बड़े बंदरगाहों में से एक है। क्षमता के लिहाज से यह पिछले साल शीर्ष पर था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कच्छ जिले में मुंद्रा बंदरगाह भी महत्वपूर्ण स्थानों में से एक है और यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
समुद्र के रास्ते आतंकवादियों की संभावित घुसपैठ की खुफिया जानकारी मिलने के बाद गुजरात पुलिस ने कांडला और मुंदड़ा बंदरगाहों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह कदम समुद्री रास्ते से संभावित आतंकवादी हमले की भारतीय नौसेना की चेतावनी के कुछ दिन बाद उठाया गया है। मुंदड़ा बंदरगाह का संचालन अडानी समूह करता है और यह देश के बड़े बंदरगाहों में से एक है। क्षमता के लिहाज से यह पिछले साल शीर्ष पर था।
सरकारी कांडला बंदरगाह में वृहत स्तर पर चीजों को ले जाने और लाने की सुविधा है। यह दोनों बंदरगाह अरब सागर में कच्छ की खाड़ी में है और पाकिस्तान के निकट है। इस क्षेत्र में कई और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान हैं। यहां जामनगर में रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से चलनेवाला दुनिया का सबसे बड़ा तेलशोधक कारखाना है। इसके अलावा इसी तरह की एक सुविधा वाडीनार में है जिसका संचालन रूसी कंपनी रोजनेफ्त करती है।
पुलिस महानिरीक्षक (सीमा रेंज) डी बी वाघेला ने कहा, ‘‘ हमें समय-समय पर आतंकवादियों की संभावित घुसपैठ की खुफिया जानकारी मिलती है और हमने कांडला बंदरगाह समेत अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ वास्तव में सुरक्षा व्यवस्था 15 अगस्त से पहले ही बढ़ा दी गई थी। अभी विशेष तौर पर आतंकवादियों के गुजरात में प्रवेश की कोई जानकारी नहीं है लेकिन सामान्य जानकारी है कि समुद्री मार्ग के जरिए आतंकवादी घुस सकते हैं।’’
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि कच्छ जिले में मुंद्रा बंदरगाह भी महत्वपूर्ण स्थानों में से एक है और यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। अंजर के पुलिस उपाधीक्षक धनंजय वघेला ने संवाददाताओं से कहा कि खुफिया जानकारी और गुजरात पुलिस महानिदेशक की ओर मिले निर्देश के अनुसार कच्छ के सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया, ‘‘ हमें यह जानकारी मिली थी कि आतंकवादी समुद्री मार्ग के जरिए प्रवेश कर सकते हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने गश्त बढ़ा दी है और समुद्री पुलिस बल को भी कार्य में लगा दिया गया है। डिप्टी चीफ ऑफ द नवल स्टाफ मुरलीधर पवार ने कहा कि तटीय रक्षा उपायों को मजबूत कर दिया गया है और सुरक्षा बल किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए कड़ी सतर्कता बरत रहे हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने के बाद पाकिस्तान के साथ तनाव बढ़ा हुआ है।
आतंकवादी हमले की आशंका के बीच अडाणी समूह ने मुंदड़ा बंदरगाह की सुरक्षा बढ़ाई
अडाणी पोर्ट्स ने कच्छ जिले के मुंदड़ा बंदरगाह की सुरक्षा बढ़ा दी है। खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली है कि आतंकवादी समुद्री मार्ग से घुसपैठ कर सकते हैं। इसके बाद अडाणी समूह ने बंदरगाह की सुरक्षा बढ़ाते हुये जहाज एजेंटों और परिचालकों सहित सभी अंशधारकों से सतर्कता बरतने को कहा है।
अडाणी समूह द्वारा संचालित मुंदड़ा बंदरगाह देश के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक है। पिछले साल मात्रा के हिसाब से इस बंदरगाह का कारोबार सबसे अधिक रहा। अडाणी पोर्ट्स ने कहा कि उसने जलपोत एजेंटों और अन्य अंशधारकों को सतर्क रहने को कहा है।
साथ ही उनसे कहा गया है कि वे किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल समुद्र नियंत्रण स्टेशन और बंदरगाह परिचालन केंद्र को दें। कंपनी ने एजेंटों के लिए जारी सलाह में कहा है कि भारतीय तटरक्षक बल को विश्वसनीय जानकारी मिली है कि पाकिस्तान प्रशिक्षित कमांडो कच्छ क्षेत्र के जरिये भारतीय सीमा में घुसपैठ कर सकते हैं और सांप्रदायिक तनाव फैलाने या फिर गुजरात में आतंकी हमला कर सकते हैं।
पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी और मोर्टार से गोले दागे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना इस गोलीबारी का माकूल जवाब दे रही है।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के मेंढर में पूर्वाहन साढ़े ग्यारह बजे छोटे हथियारों से गोलीबारी और मोर्टार से गोले दाग कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।’’ अधिकारियों ने बताया कि पुंछ और राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान सेना की ओर से लगातार तीसरे दिन संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जा रहा है। इस महीने पाकिस्तान सेना की ओर से सीमापार से हुई गोलीबारी में तीन जवान शहीद हो गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एनआईए ने आतंकवाद संबंधी अलर्ट के बाद कई स्थानों पर छापे मारे
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तमिलनाडु में हालिया आतंकवादी गतिविधि के संबंध में जारी अलर्ट को लेकर कई स्थानों पर छापे मारे। पुलिस के अनुसार एनआईए ने शहर में पांच लोगों के घरों पर छापे मारे। वे इस बात की जांच कर रहे थे कि इनका कोई संबंध राज्य में घुसे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों से तो नहीं है।
पुलिस ने बताया कि पुलिस ने जिन लोगों के घरों पर छापे मारे हैं, उनमें से कुछ लोगों के घरों पर तमिलनाडु में आईएसआईएस के मॉड्यूल की जांच के लिए एजेंसी पहले भी छापे मार चुकी है। राज्य में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों की घुसपैठ की खुफिया जानकारी मिलने के बाद 23 अगस्त को राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया था। ऐसी रिपोर्ट थी कि श्रलंका से समुद्र के रास्ते इस आतंकवादी संगठन के छह सदस्य राज्य में आए हैं और अलग-अलग शहरों में गए हैं। इसके बाद पूरे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी लेकिन सोमवार से धीरे-धीरे चौकसी को कम किया जा रहा है।