गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक को सत्तारूढ़ दल में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया

By भाषा | Updated: November 18, 2021 21:49 IST2021-11-18T21:49:17+5:302021-11-18T21:49:17+5:30

Gujarat BJP President makes open offer to Congress MLA to join ruling party | गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक को सत्तारूढ़ दल में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया

गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक को सत्तारूढ़ दल में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया

अमरेली(गुजरात), 18 नवंबर गुजरात विधानसभा चुनाव से एक साल पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने बृहस्पतिवार को राजुला सीट से कांग्रेस विधायक अंबरीश डेर को राज्य में सत्तारूढ़ दल में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया और कहा कि भगवा पार्टी ने उनके लिए एक सीट सुरक्षित रख दी है।

पाटिल ने अमरेली जिले में राजुला तालुका के बाबरिया धार गांव में एक सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए डेर को यह प्रस्ताव दिया, जहां कांग्रेस विधायक भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जिले में अपना खाता तक नहीं खोल पाई थी।

पाटिल के बयान के बारे में बाद में संवाददाताओं से बात करते हुए डेर ने कहा कि हर पार्टी उन लोगों को सीट देना चाहती है जो चुनाव जीत सकते हैं।

वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों ने कहा कि पाटिल के खुले प्रस्ताव से यह प्रदर्शित होता है कि सत्तारूढ़ भाजपा 2022 के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस विधायकों को रिझाने की कोशिश कर रही है।

पाटिल ने कहा, ‘‘पहले के समय में, जब लोग राज्य परिवहन निगम की बसों से सफर करते थे, वे अपना रूमाल सीट पर रख कर उसे अपने लिये सुरक्षित कर लेते थे , हमने भी उसी तरह से डेर के लिए सीट सुरक्षित रख दी है। ’’

पाटिल ने कहा, ‘‘उन्होंने (डेर ने) अपना करियर हमारी पार्टी से शुरू किया था और हमारा उन पर अधिकार बनता है।’’ उल्लेखनीय है कि डेर ने अपना राजनीतिक करियर भाजपा की युवा शाखा के नेता के तौर पर शुरू किया था।

बाद में डेर ने अमरेली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हर पार्टी, चाहे वह भाजपा, कांग्रेस या आम आदमी पार्टी हो, चुनाव में मजबूत उम्मीदवार उतारना चाहेगी तथा यह सामान्य बात है कि जिन नेताओं ने पिछला चुनाव जीता है या जिनमें अगला चुनाव जीतने की क्षमता है, राजनीतिक दल उन्हें इस तरह का प्रस्ताव देंगे। ’’

कांग्रेस विधायक ने कहा, ‘‘मैंने अपना राजनीतिक करियर भाजपा की युवा शाखा से शुरू किया था और उस पार्टी में सात-आठ साल बिताये थे। पाटिल हमारे वरिष्ठ थे और उस वक्त सांसद थे...यह बयान देकर उन्होंने स्नेह प्रदर्शित किया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Gujarat BJP President makes open offer to Congress MLA to join ruling party

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे