लाइव न्यूज़ :

पारदर्शिता के लिए आधार को भूमि रिकॉर्ड से जोड़ेगी सरकार

By भाषा | Updated: June 27, 2021 15:17 IST

Open in App

(दीपक रंजन)

नयी दिल्ली, 27 जून सरकार डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत देश में साल 2023-24 तक आधार को भूमि रिकॉर्ड के साथ जोड़ेगी तथा राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (एनजीडीआरएस) एवं विशिष्ट भूमि पार्सल पहचान संख्या लागू करेगी ताकि जमीन के अभिलेखों को एकीकृत किया जा सके तथा राजस्व और पंजीकरण को जोड़ने की पारदर्शी व्यवस्था बनाई जा सके।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के एक अधिकारी ने ‘भाषा’ से कहा, ‘‘ डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआईएलआरएमपी) में काफी प्रगति हुई है और बुनियादी जरूरतों से जुड़े लक्ष्यों को हासिल किया गया है। लेकिन राज्य अभी तक इस कार्यक्रम के सभी कारकों को 100 प्रतिशत पूरा नहीं कर पाए हैं।’’

गौरतलब है कि डिजिटल इंडिया भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण कार्यक्रम (डीआईएलआरएमपी) को 21 अगस्त 2008 को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली थी । एक अप्रैल 2016 को इसे केंद्रीय सेक्टर योजना के रूप में स्वीकृति मिली जिसमें केंद्र से 100 प्रतिशत वित्त पोषण का प्रावधान किया गया। इसका मकसद देशभर में विभिन्न राज्यों में भूमि अभिलेखों को जोड़ते हुए उपयुक्त एकीकृत भूमि सूचना प्रबंधन प्रणाली (आईएलआईएमएस) स्थापित करना है ।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को मार्च 2021 पूरा होना था लेकिन अब इसे वर्ष 2023-24 तक विस्तार दिया गया है ताकि चालू कार्यों सहित इसकी नयी कार्य योजना को अगले तीन वर्षों में पूरा किया जा सके। अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में संपत्ति और दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए ‘एक राष्ट्र, एक साफ्टवेयर’ योजना के तहत 10 राज्यों में राष्ट्रीय सामान्य दस्तावेज पंजीकरण प्रणाली (एनजीडीआरएस) लागू की जा रही है। इसके अलावा साल 2021-22 तक विशिष्ठ भूमि पार्सल पहचान संख्या (यूएलपीआईएन) लागू की जाएगी ।

एनजीडीआरएस प्रणाली को 10 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा और नगर हवेली, गोवा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम और पंजाब में लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि विशिष्ठ भूमि पार्सल पहचान संख्या के जरिये आधार संख्या को भूमि अभिलेख के साथ जोड़ा जाएगा। साथ ही भूमि अभिलेख को राजस्व अदालत प्रबंधन प्रणाली से भी जोड़ने का कार्यक्रम है ।

उल्लेखनीय है कि विशिष्ट भूखंड पहचान संख्या (यूएलपीआईएन) प्रणाली में प्रत्येक भूखंड के लिए 14 अक्षर-अंकीय विशिष्ट पहचान (आईडी) होगी। यह विशिष्ट आईडी भू-संदर्भ नियामक पर आधारित होगी जो कि अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। इसका उद्देश्य भूमि के अभिलेख हमेशा अद्यतन रखना एवं सभी संपत्तियों के लेन-देन के बीच एक कड़ी स्थापित करना है।

लोकसभा में मार्च में पेश ग्रामीण विकास मंत्रालय संबंधी संसदीय समिति की रिपोर्ट के अनुसार, भूमि संबंधी अभिलेख के कम्प्यूटरीकरण के प्रमुख घटकों में काफी प्रगति हुई है और यह 24 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 90 प्रतिशत से अधिक हो गया है जबकि दो राज्यों में अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। भू-कर संबंधी मानचित्रों का डिजिटलीकरण 22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है हालांकि यह कार्य पांच प्रदेशों में शुरू नहीं हुआ है।

सम्पत्ति पंजीकरण का कम्प्यूटरीकरण 27 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 90 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसके अलावा सब-रजिस्ट्रार के कार्यालयों और तहसील के बीच संपर्कता, पंजीकरण और भूमि अभिलेखों का एकीकरण 20 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है जबकि नौ प्रदेशों में यह शुरू नहीं हुआ है।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, 31 मार्च 2021 तक देश में कुल 6,58,160 गांव में से 5,98,290 गांव में भूमि अभिलेखों के कम्प्यूटरीकरण का कार्य पूरा हो गया है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस कार्यक्रम के तहत वर्ष 2021-22 में 150 करोड़ रूपये का बजटीय आवंटन किया गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos