अफगानिस्तान से भारतीयों को वापस लाने के लिये सबकुछ कर रही सरकार: केन्द्रीय मंत्री जोशी
By भाषा | Updated: August 17, 2021 18:42 IST2021-08-17T18:42:35+5:302021-08-17T18:42:35+5:30

अफगानिस्तान से भारतीयों को वापस लाने के लिये सबकुछ कर रही सरकार: केन्द्रीय मंत्री जोशी
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि अफगानिस्तान पर तालिबान के नियंत्रण के बाद देश में फंसे सभी भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए सरकार सब कुछ कर रही है।जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''अफगानिस्तान में घटनाक्रम काफी चिंताजनक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के नेतृत्व में भारत सरकार वहां फंसे प्रत्येक भारतीय नागरिक को वापस लाने का प्रयास करेगी।''उन्होंने कहा कि सरकार वहां फंसे शेष भारतीय नागरिकों को लाने की कोशिश कर रही है। जोशी ने कहा, ''वहां (अफगानिस्तान में) पूरी व्यवस्था चरमरा गई है। उड़ान सेवाएं प्रभावित हैं और हवाई जहाज नहीं उड़ रहे हैं। न केवल हवाईअड्डा बल्कि हवाई क्षेत्र भी जाम है। इस परिदृश्य में, भारत सरकार जो कुछ भी कर सकती है, वह कर रही है। हम व्यक्तिगत रूप से नागरिकों के बारे में बहुत चिंतित हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।