गोवा में खनन आंदोलन के नेता पुती गांवकर आप में होंगे शामिल
By भाषा | Updated: November 5, 2021 19:57 IST2021-11-05T19:57:12+5:302021-11-05T19:57:12+5:30

गोवा में खनन आंदोलन के नेता पुती गांवकर आप में होंगे शामिल
पणजी, पांच नवंबर गोवा में लौह अयस्क खनन को बहाल करने की मांग करने वाले आंदोलन की अगुवाई कर रहे ट्रेड यूनियन नेता पुती गांवकर ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वह सात नवंबर को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होंगे।
पोंडा शहर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गांवकर ने कहा कि उन्होंने पिछले महीने में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि वह सात नवंबर को केजरीवाल की मौजूदगी में गोवा में आप में शामिल होंगे और 2022 का विधानसभा चुनाव सांकेलिम सीट से लड़ेंगे। इस सीट से मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत विधायक हैं।
उच्चतम न्यायालय ने 2018 में 88 खनन पट्टों को रद्द कर दिया था जिसके बाद गोवा में लौह अयस्क का खनन बंद हो गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।