Goa Election 2022: भाजपा को बड़ा झटका, दोनों उपमुख्यमंत्री चुनाव हारे, कांग्रेस उम्मीदवारों ने दी शिकस्त
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 10, 2022 17:14 IST2022-03-10T17:12:37+5:302022-03-10T17:14:53+5:30
उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर को विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस उम्मीदवार दिगंबर कामत ने मडगांव विधानसभा सीट से तकरीबन 6,000 मतों के बड़े अंतर से हराया। कामत 1994 से विधानसभा में मडगांव का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।

Goa Election 2022: भाजपा को बड़ा झटका, दोनों उपमुख्यमंत्री चुनाव हारे, कांग्रेस उम्मीदवारों ने दी शिकस्त
पणजी: गोवा के दोनों उपमुख्यमंत्री कांग्रेस के अपने निकटम प्रतिद्वंद्वियों से चुनाव हार गए हैं। हालांकि, उनकी पार्टी भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है।
उपमुख्यमंत्री मनोहर अजगांवकर को विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस उम्मीदवार दिगंबर कामत ने मडगांव विधानसभा सीट से तकरीबन 6,000 मतों के बड़े अंतर से हराया।
अजगांवकर पारंपरिक रूप से उत्तरी गोवा के परनेम से चुनाव लड़ते रहे हैं लेकिन इस बार भाजपा ने उन्हें दक्षिण गोवा में मडगांव से उतारा था। कामत 1994 से विधानसभा में मडगांव का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।
प्रमोद सावंत की अगुवाई वाली मंत्रिपरिषद में दूसरे उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत कावलेकर क्यूपेम में कांग्रेस प्रत्याशी अल्टोन डी’कोस्टा से हार गए हैं। वह 2017 में कांग्रेस के टिकट पर यहां से जीते थे।
इसके बाद वह नौ अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे और उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया। पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ने वाले कोस्टा ने कावलेकर को 3,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।