Goa Election 2022: एनसीपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, इन चार नामों का किया ऐलान
By अनिल शर्मा | Updated: January 20, 2022 22:41 IST2022-01-20T22:34:39+5:302022-01-20T22:41:16+5:30
राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने सूची जारी की। पार्टी ने नवेलिम सीट से रहमान मुजावर को, प्रिओल सीट से दिग्विजय वर्लेकर और शिरोदा से डॉ सुभाष प्रभु देसाई को मैदान में उतारा है।

Goa Election 2022: एनसीपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, इन चार नामों का किया ऐलान
पणजीः राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा/एनसीपी) ने गुरुवार को गोवा विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें चार नामों की घोषणा की गई। सूची में राकांपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जोस फिलिप का भी नाम शामिल है जोकि दोबालिम सीट से चुनाव लड़ेंगे।
राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने सूची जारी की। पार्टी ने नवेलिम सीट से रहमान मुजावर को, प्रिओल सीट से दिग्विजय वर्लेकर और शिरोदा से डॉ सुभाष प्रभु देसाई को मैदान में उतारा है। शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए शिवसेना के साथ गठबंधन किया है।
गौरतलब है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शिवसेना ने बुधवार को गोवा विधानसभा चुनाव के लिए एकसाथ गठबंधन की घोषणा की। गठबंधन के लिए कांग्रेस के साथ बातचीत पर एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि एनसीपी हमेशा धर्मनिरपेक्ष विचारों वाले समान विचारधारा वाले दलों का समर्थन करती है। इस विचार के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस और शिवसेना के साथ महाविकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार बनाई गई, जो सुचारू रूप से चल रही है। हम गोवा में भी यही चाहते थे।
पटेल ने शिवसेना से गठबंधन के ऐलान के वक्त कहा था कि एनसीपी-शिवसेना गठबंधन सभी 40 सीटों पर नहीं लड़ेगा, लेकिन 10 से 12 सीटों पर लड़ेगा। वहीं शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा था कि उनका गठबंधन किंगमेकर बनने के लिए काफी संख्या में सीटें जीतेगा। संजय राउत ने कहा कि अगर कांग्रेस को लगता है कि वह अकेले चुनाव लड़ सकती है, तो मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।