लाइव न्यूज़ :

दुष्कर्म पीड़िताओं पर टिप्पणी को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री ने दिया स्पष्टीकरण

By भाषा | Updated: July 30, 2021 11:28 IST

Open in App

पणजी, 30 जुलाई दो लड़कियों के सामूहिक दुष्कर्म पर अपनी टिप्पणी के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि उनके बयान के वास्तविक संदर्भ को नहीं समझा गया। उन्होंने कहा कि नाबालिगों की सुरक्षा ‘‘साझा जिम्मेदारी’’ है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह घटना से बहुत दुखी हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि मामले में आरोपियों को ‘‘कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा’’ मिले।

गौरतलब है कि रविवार को गोवा की राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर बेनॉलिम बीच पर चार लोगों ने अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर दो लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार किया। उन्होंने लड़कियों के साथ आए लड़कों की पिटायी भी की। चारों आरोपियों में से एक सरकारी कर्मचारी है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सावंत ने बुधवार को राज्य विधानसभा में कथित तौर पर कहा था कि माता-पिता को यह आत्ममंथन करने की जरूरत है कि उनके बच्चे रात में इतनी देर तक समुद्र तट पर क्यों थे। उन्होंने कहा था कि अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना माता-पिता की जिम्मेदारी है और उन्हें अपने बच्चों खासतौर से नाबालिगों को रात-रात भर बाहर नहीं रहने देना चाहिए। उनकी इस टिप्पणी पर लोगों ने नाराजगी जतायी थी।

शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में सावंत ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में मेरे बयान को संदर्भ से अलग समझा गया। एक जिम्मेदार सरकार के प्रमुख और 14 साल की बेटी के पिता के तौर पर मैं काफी दुखी हूं। इस घटना का दुख बयां नहीं किया जा सकता।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी कानून द्वारा मुहैया करायी गयी सुरक्षा के अधिकार से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘गोवा पुलिस सच्चे मायनों में एक पेशेवर बल रही है, खासतौर से जब महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा की बात आती है। उन्होंने तेजी से कार्रवाई की, आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा मैं आपको आश्वस्त कर दूं कि मैं सुनिश्चित करुंगा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले। हमारे नागरिकों की सुरक्षा हमेशा मेरी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों, खासतौर से नाबालिगों की सुरक्षा साझा जिम्मेदारी है। उन्हें अपने बड़ों के मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब मैं नाबालिग बच्चों की साझा जिम्मेदारी के बारे में बोलता हूं तो यह चिंता, परवाह और अपने नागरिकों एवं बच्चों के लिए प्यार की वजह से बोलता हूं। हम सभी बच्चों को प्यार करते हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर गोवा के सभी बच्चों की मुझे चिंता है।’’

सावंत ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से संबंधित मामलों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘गलतफहमी के लिए कोई जगह मत रखिए। चलिए, एकजुट रहें। एक-दूसरे पर विश्वास करें। आइए, हम एक गोवा के रूप में एकजुट रहे ताकि अपनी ताकत से हम ऐसी बुराइयों को खत्म कर सकें।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटइंडियन प्रीमियर लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जड़ा 'दोहरा शतक', ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज, जानें पहले पायदान पर कौन?

क्रिकेट37 के साथ सबसे आगे CSK?, आईपीएल में सबसे ज्यादा 200 से अधिक रन बनाने वाली टीमें, देखिए टॉप-5 लिस्ट

क्राइम अलर्टमैडम दुकान के सामने गाड़ी मत लगाओ, ग्राहक को आने में दिक्कत होगी?, 78 वर्षीय दुकानदार को महिला उपनिरीक्षक ने थप्पड़ मारा, प्राथमिकी दर्ज

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

पूजा पाठPanchang 06 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

भारत अधिक खबरें

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल