गोवा: एक और कांग्रेस विधायक ने इस्तीफा दिया, पहली सूची में शामिल था नाम, केवल दो विधायक बचे
By विशाल कुमार | Updated: December 20, 2021 13:42 IST2021-12-20T13:39:10+5:302021-12-20T13:42:10+5:30
एलेक्सो रेजिनाल्डो का इस्तीफा कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि पार्टी ने आगामी राज्य चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची में उनका नाम शामिल किया था।

एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको. (फोटो: ट्विटर/@INCGoa)
पणजी:गोवा में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं.सोमवार को एक और कांग्रेस विधायक ने पार्टी और विधानसभा की सदस्यता दोनों एक साथ छोड़ दी। कर्टोरिम से कांग्रेस विधायक एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको ने सोमवार को पार्टी और राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।
एलेक्सो रेजिनाल्डो का इस्तीफा कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि पार्टी ने आगामी राज्य चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची में उनका नाम शामिल किया था।
एलेक्सो रेजिनाल्डो के इस्तीफे के साथ, कांग्रेस के पास राज्य विधानसभा में केवल दो विधायक दिगंबर कामत और प्रतापसिंह राणे बचे हैं।
2017 के गोवाविधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत हासिल की थी और अब उनके पास केवल दो विधायक बचे हैं।
16 दिसंबर को, कांग्रेस ने गोवा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को मडगांव निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया था।
अन्य उम्मीदवारों में मारमुगाओ से संकल्प अमोनकर, कर्टोरिम से एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको, कनकोलिम विधानसभा क्षेत्र से यूरी अलेमाओ और क्यूपेम सीट से एलटोन डी'कोस्टा को मैदान में उतारा गया था।