'परमिशन दीजिए, मन हो तो बसों पर बीजेपी का झंडा लगा लीजिए', प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर हमला
By स्वाति सिंह | Updated: May 20, 2020 16:16 IST2020-05-20T16:01:06+5:302020-05-20T16:16:58+5:30

प्रियंका ने कहा-कांग्रेस कार्यकर्ता लॉकडाउन में 67 लाख लोगों की मदद कर चुके हैं
लखनऊ: कोरोना संकट के बावजूद उत्तर प्रदेश में राजनीति थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जवाब दिया है। प्रियंका ने कहा कि हम लोगों की मदद करना चाहते हैं, इसमें राजनीति ना ढूंढें। बसों की लिस्ट में बाइक और टेम्पो के नंबर होने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर ऐसे कुछ नंबर हैं भी हम नए नंबर देने को तैयार हैं। प्रियंका ने यह भी कहा कि हमें क्रेडिट नहीं चाहिए, आप परमिशन दीजिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपको क्रेडिट लेना हो तो चाहें तो आप बसों पर भारतीय जनता पार्टी बीजेपी का झंडा लगा लीजिए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के निजी सचिव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा अन्य लोगों के खिलाफ मंगलवार को धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। एक सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि प्रियंका के निजी सचिव संदीप सिंह, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू तथा अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में हजरतगंज कोतवाली में परिवहन अधिकारी आरपी त्रिवेदी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा भारतीय दंड विधान की धारा 420, 467 और 468 के तहत दर्ज किया गया है। यह मुकदमा उत्तर प्रदेश सरकार के उस आरोप के बाद दर्ज हुआ है जिसमें कहा गया है कि कांग्रेस द्वारा प्रवासी मजदूरों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए दी गई 1000 बसों की लिस्ट में शामिल कुछ वाहनों के नंबर दो पहिया, तिपहिया वाहनों तथा कारों के तौर पर दर्ज पाए गए हैं।