गुरुग्राम में आठ व्यक्तियों के खिलाफ दुष्कर्म के 'फर्जी' मामले दर्ज कराने के आरोप में लड़की गिरफ्तार
By भाषा | Updated: December 29, 2021 23:12 IST2021-12-29T23:12:38+5:302021-12-29T23:12:38+5:30

गुरुग्राम में आठ व्यक्तियों के खिलाफ दुष्कर्म के 'फर्जी' मामले दर्ज कराने के आरोप में लड़की गिरफ्तार
गुरुग्राम, 29 दिसंबर हरियाणा के गुरुग्राम जिले में कई व्यक्तियों को अपने जाल में फंसाकर उनके खिलाफ कथित तौर पर फर्जी दुष्कर्म के मामले दर्ज कराने के आरोप में 22 वर्षीय एक लड़की को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपी महिला बीए (ऑनर्स) की एक छात्रा है और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। लड़की ने स्वीकार किया है कि उसने आठ लोगों पर दुष्कर्म के फर्जी आरोप लगाकर उनके खिलाफ मामले दर्ज कराए हैं। पुलिस ने उसे बुधवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गुरुग्राम के सहायक पुलिस उपायुक्त (अपराध) प्रीत पाल सिंह सांगवान ने बताया कि इस रैकेट में शामिल उसकी मां और नरेंद्र यादव नामक एक अन्य व्यक्ति फरार हैं।
उन्होंने कहा, “आरोपी लड़की को जेल भेज दिया गया है, हम सभी पहलुओं से इस मामले की जांच कर रहे हैं। हमारी टीम लड़की की मां और एक अन्य आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।