'नौजवान बहू-बेटी की इज्जत देखकर ही करें मतदान': गिरिराज सिंह ने झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार पर लगाया रांची को कराची बनाने का आरोप

By एस पी सिन्हा | Updated: November 19, 2024 17:15 IST2024-11-19T17:15:32+5:302024-11-19T17:15:41+5:30

गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं झारखंड के मतदाताओं से निवेदन करूंगा, जब आप मतदान करने जाएं, तो यह जरूर सोचे कि दुमका डिवीजन में लगातार हिंदुओं की आबादी घट रही है।

Giriraj Singh accused Jharkhand's Hemant Soren government of turning Ranchi into Karachi | 'नौजवान बहू-बेटी की इज्जत देखकर ही करें मतदान': गिरिराज सिंह ने झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार पर लगाया रांची को कराची बनाने का आरोप

'नौजवान बहू-बेटी की इज्जत देखकर ही करें मतदान': गिरिराज सिंह ने झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार पर लगाया रांची को कराची बनाने का आरोप

पटना: झारखंड में बुधवार को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव से पहले मंगलवार को पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने रांची को कराची बनाने की शुरुआत कर दी है। ऐसे में लोग नौजवानों के भविष्य और अपनी बहू-बेटी की इज्जत को ध्यान में रखकर ही वोट करें। उन्होंने झारखंड के लोगों को एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग जब मतदान करने जाएं, तो इस बात का विशेष ध्यान रहे कि उन्हें रांची को किसी भी कीमत पर कराची नहीं बनने देना है। 

गिरिराज सिंह ने कहा कि मैं झारखंड के मतदाताओं से निवेदन करूंगा, जब आप मतदान करने जाएं, तो यह जरूर सोचे कि दुमका डिवीजन में लगातार हिंदुओं की आबादी घट रही है। रोहिंग्या मुस्लिम लगातार आदिवासियों की बेटियों से शादी कर रहे हैं। यह लोग बेटी, माटी और रोटी तीनों छीन रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि “दुमका, साहिबगंज, देवघर या पलामू हो। अगर आप जिलेवार पूरी स्थिति को समझने का प्रयास करेंगे, तो आपको खुद ब खुद पूरी स्थिति के बारे में पता चल जाएगा। लिहाजा, जब आप लोग वोट देने जाएं, तो मेहरबानी करके इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आपको रांची को कराची और दुमका को बांग्लादेश नहीं बनने देना है। इसलिए मैं जनता के बीच जाकर लगातार इस बात पर जोर दे रहा हूं कि एक रहोगे तो सेफ रहोगे, जबकि बंटोगे तो कटोगे। 

वहीं, मतदान के दौरान बुर्का पहनकर आने वाले मुस्लिम महिलाओं का नकाब हटाकर उनका चेहरा देखने पर कुछ मुस्लिम नेताओं की आपत्ति पर उन्होंने जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर बुर्का पहन के कोई महिला जा रही है और बिना पहचान सत्यापित कराए वोट डालना चाहती है तो यह गलत है। पहचान सत्यापित कराना संविधान के अनुरूप है। मतदान कर्मियों को चाहिए कि उनका बुर्का खोलकर देखें। अगर कोई विरोध करता है तो उसका जमकर विरोध करें और बुर्का खोलकर देखें। 

उन्होंने दावा किया कहा कि मुस्लिम धर्मगुरु समाज में नफरत कहलाते हैं, जबकि हिंदू धर्म गुरु नफरत नहीं फैलाते। लोगों को मुस्लिम धर्मगुरु का भाषण सुनना चाहिए कि वह किस तरीके से नफरत फैला रहे हैं। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान कि आरएसएस और भाजपा नफरत फैलाती है को लेकर गिरिराज सिंह ने कांग्रेस में बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने तुष्टिकरण किया है। वोट के लिए कांग्रेस ने हिंदू मुसलमान किया है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इसी तुष्टिकरण के कारण किस तरीके से धर्मांतरण किया जा रहा है। यह बिहार के बक्सर में दिखा। राज्य के अन्य हिस्सों में भी धर्मांतरण कराया जा रहा है। इस पर तेजस्वी यादव की जुबान नहीं खुलेगी। कांग्रेसी की जुबान नहीं खुलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ अपने वोट के लिए इस्तेमाल किया है। इन्हें आदिवासियों के हितों से कोई लेना देना नहीं है। आदिवासियों के हित के बारे में अगर कोई पार्टी सही मायने में सोचती है, तो वो कोई और नहीं, वो सिर्फ भाजपा ही है।

Web Title: Giriraj Singh accused Jharkhand's Hemant Soren government of turning Ranchi into Karachi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे