गहलोत ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने के ऐलान का स्वागत किया
By भाषा | Updated: October 19, 2021 21:11 IST2021-10-19T21:11:27+5:302021-10-19T21:11:27+5:30

गहलोत ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने के ऐलान का स्वागत किया
जयपुर, 19 अक्टूबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने के ऐलान का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि महिला सशक्तिकरण कांग्रेस पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा रहा है।
गहलोत ने ट्वीट किया, “प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने की घोषणा स्वागतयोग्य है। कांग्रेस पार्टी ने देश को महिला राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दिए लेकिन भाजपा आजतक किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष तक नहीं बना पाई है।”
उन्होंने आगे लिखा, “महिला सशक्तिकरण कांग्रेस पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए प्रयासरत रही हैं।”
गहलोत के अनुसार, “भाजपा की महिला विरोधी सोच के कारण आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं लेकिन कांग्रेस महिलाओं का सशक्तिकरण कर भाजपा के इस कुशासन को समाप्त करेगी।”
गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में ऐलान किया कि उनकी पार्टी प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसद सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारेगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।