कांग्रेस के गौरव गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे, इन्हें बनाया गया मुख्य सचेतक और सचेतक
By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: July 14, 2024 15:51 IST2024-07-14T15:49:59+5:302024-07-14T15:51:37+5:30
कांग्रेस के गौरव गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे। इस बारे में पार्टी के निर्णय से अवगत कराने के लिए एक पत्र अध्यक्ष ओम बिरला को भेजा गया है।

कांग्रेस के गौरव गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे
नयी दिल्ली: कांग्रेस के गौरव गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे। इस बारे में पार्टी के निर्णय से अवगत कराने के लिए एक पत्र अध्यक्ष ओम बिरला को भेजा गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि कांग्रेस के संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला को पत्र लिखकर उन्हें संसद के निचले सदन में कांग्रेस के उप नेता, मुख्य सचेतक और दो सचेतक नियुक्त किये जाने के बारे में जानकारी दी है।
उन्होंने बताया गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे, जबकि केरल से आठ बार के सांसद के. सुरेश पार्टी के मुख्य सचेतक होंगे। उन्होंने बताया कि विरुधुनगर के सांसद मणिकम टैगोर और किशनगंज के सांसद मोहम्मद जावेद लोकसभा में पार्टी के सचेतक होंगे।
ससे पहले, पार्टी ने राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया था। वेणुगोपाल ने कहा, ‘विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के दल लोकसभा में जनता के मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाएंगे।
बता दें कि गौरव गोगोई असम से आते हैं। उन्होंने इससे पहले भी 2020 से 2024 तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संसदीय दल के उपनेता की भूमिका निभाई है। उन्होंने 2014 से 2024 तक लोकसभा में कलियाबोर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वह 18 वीं लोकसभा में जोरहाट निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। गौरव गोगोई असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे हैं।
उनके पिता तरुण गोगोई ने 2001 से 2016 तक असम के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया , जो राज्य के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री थे। दिल्ली के सेंट कोलंबा स्कूल से स्नातक और दिल्ली के इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग में बी.टेक करने वाले गौरव गोगोई को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।