सादगी के साथ पुणे में गणेश उत्सव शुरू
By भाषा | Updated: September 10, 2021 16:18 IST2021-09-10T16:18:46+5:302021-09-10T16:18:46+5:30

सादगी के साथ पुणे में गणेश उत्सव शुरू
पुणे, 10 सितंबर महाराष्ट्र के पुणे में श्रद्धालुओं ने गणेश चतुर्थी के मौके पर घरों और पंडालों में भगवान गणेश का स्वागत किया। हालांकि कोविड-19 महामारी के बीच लागू प्रतिबंधों के कारण बिना भीड़-भाड़, सादगी से उत्सव का आयोजन हो रहा है।
पांच ‘मनाचे (श्रद्धेय) मंडलों समेत प्रमुख गणेश मंडलों ने कोविड-19 नियम के अनुसार शहर के पंडालों में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की। लगातार यह दूसरा साल है जब महाराष्ट्र में बेहद धूम-धाम से मनाए जाने वाले इस त्योहार पर महामारी की छाया हावी है और तीसरी लहर की आशंका के बीच सादगीपूर्ण तरीके से पूजा का आयोजन हो रहा है।
श्रीमंत दगड़ूशेठ हलवाई गणपति के एक न्यासी महेश सूर्यवंशी ने कहा कि शहर के सबसे प्रिय देवता की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ को मुख्य मंदिर के अंदर सादगीपूर्ण तरीके और कोविड-19 के नियमों का पालन करके किया गया। निकाय प्रशासन ने सभी गणेश मंडलों से सादगी से त्योहार मनाने की अपील की है और भीड़भाड़ से बचने के लिए ‘ऑनलाइन’ दर्शन की व्यवस्था करने को कहा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।