मध्यप्रदेश में दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे गडकरी

By भाषा | Updated: September 13, 2021 14:54 IST2021-09-13T14:54:02+5:302021-09-13T14:54:02+5:30

Gadkari will inspect the construction work of Delhi-Vadodara-Mumbai Expressway in Madhya Pradesh | मध्यप्रदेश में दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे गडकरी

मध्यप्रदेश में दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे गडकरी

इंदौर (मध्यप्रदेश), 13 सितंबर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आठ लेन के दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के मध्यप्रदेश से होकर गुजरने वाले करीब 245 किलोमीटर लम्बे हिस्से के जारी निर्माण कार्य का 16 सितंबर (बृहस्पतिवार) को निरीक्षण करेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत गडकरी राज्य के रतलाम जिले में दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेंगे।

उन्होंने बताया कि इस एक्सप्रेस-वे के मध्यप्रदेश से होकर गुजरने वाले हिस्से के निर्माण कार्य को अगले साल नवम्बर तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है और इसमें करीब 8,437 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है।

अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत बनाई जा रही आठ लेन की सड़क का पश्चिमी मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में 102.4 किलोमीटर, रतलाम जिले में 90.1 किलोमीटर और झाबुआ जिले में 52 किलोमीटर हिस्सा पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में इस परियोजना के तहत प्रस्तावित कुल 245 किलोमीटर में से 106 किलोमीटर लम्बी सड़क बनाई जा चुकी है और बाकी का काम नवंबर 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए मध्यप्रदेश के तीनों जिलों में कुल 2,674 हेक्टेयर राजस्व भूमि और 217 हेक्टेयर वन भूमि का अधिग्रहण किया गया है।

उन्होंने बताया कि तीनों जिलों में एक्सप्रेस-वे के तहत आठ लेन की सड़क के साथ ही कुल 214 पुल, 511 पुलियाएं, 100 छोटे-बड़े वाहन अंडरपास, सात टोल नाके और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, एक्सप्रेस-वे के किनारे 12 स्थानों पर यात्रियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Gadkari will inspect the construction work of Delhi-Vadodara-Mumbai Expressway in Madhya Pradesh

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे