कश्मीर में ताजा बर्फबारी, लोगों को ठंड से मिली राहत

By भाषा | Updated: February 3, 2021 13:23 IST2021-02-03T13:23:03+5:302021-02-03T13:23:03+5:30

Fresh snowfall in Kashmir, people get relief from cold | कश्मीर में ताजा बर्फबारी, लोगों को ठंड से मिली राहत

कश्मीर में ताजा बर्फबारी, लोगों को ठंड से मिली राहत

श्रीनगर, तीन फरवरी कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को बर्फबारी हुई जिसके बाद यहां न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय सुधार होने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी रात में ही शुरू हुई और कई इलाकों में अंतिम खबर आने तक भी यह जारी है। बर्फबारी की वजह से बुधवार सुबह श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ और कुछ उड़ानें तय समय पर रवाना नहीं हो पाईं। खराब मौसम की वजह से दृश्यता कम होने और रनवे पर बर्फ के जमा होने से यहां विमानों के परिचालन में बाधा पहुंची।

मौसम कार्यालय ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में करीब छह इंच तक बर्फबारी हुई। वहीं कुपवाड़ा में तीन इंच बर्फबारी हुई। केंद्र-शासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत अन्य इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।

उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी ताजा बर्फबारी की खबरें हैं। इससे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित नहीं हुआ।

मंगलवार रात घाटी में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि की वजह से लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली है।

श्रीनगर में कल रात न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गय जबकि दक्षिणी कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही स्थानों पर सोमवार रात की तुलना में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वहीं बारामूला जिले के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि सोमवार रात यहां शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। यह केंद्रशासित प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम अधिकारियों ने बृहस्पतिवार तक जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बर्फबारी या बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Fresh snowfall in Kashmir, people get relief from cold

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे