पंजाब के चार मंत्री 'आप' में शामिल होना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें मना कर दिया: चड्ढा

By भाषा | Updated: December 13, 2021 19:07 IST2021-12-13T19:07:34+5:302021-12-13T19:07:34+5:30

Four Punjab ministers wanted to join AAP, but party refused them: Chadha | पंजाब के चार मंत्री 'आप' में शामिल होना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें मना कर दिया: चड्ढा

पंजाब के चार मंत्री 'आप' में शामिल होना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें मना कर दिया: चड्ढा

चंडीगढ़, 13 दिसंबर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा ने सोमवार को दावा किया कि अवैध रेत खनन के आरोपों का सामना कर रहे पंजाब के चार मंत्री उनकी पार्टी में शामिल होना चाहते थे, लेकिन ''भ्रष्ट'' होने के कारण उन्हें मना कर दिया गया।

हालांकि, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने उनके इस दावे को ''झूठ'' बताकर खारिज कर दिया।

चन्नी ने आम आदमी पार्टी के पंजाब सह-प्रभारी चड्ढा पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया और पार्टी से ''अनावश्यक विवाद पैदा करने के लिए झूठ बोलने'' से बचने को कहा।

चड्ढा ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया, ''चन्नी सरकार के चार मंत्री कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल होने के लिए लगातार हमसे संपर्क कर रहे हैं।''

उन्होंने चार मंत्रियों का नाम लिए बगैर आरोप लगाया कि ये मंत्री लंबे समय से अवैध रेत खनन के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा,‘‘ 'आप' एक ईमानदार पार्टी है और हम अपनी पार्टी में ऐसे लोगों को नहीं चाहते। हमारी पार्टी में ऐसे भ्रष्ट लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।’’

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को एक ट्वीट किया कि उनकी पार्टी कभी भी भ्रष्ट लोगों को अपने पाले में नहीं लाएगी।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ''आम आदमी पार्टी कुछ महीनों के बाद पंजाब में सरकार बनाने जा रही है। इसलिए अन्य दलों के कई नेता आम आदमी पार्टी में शामिल होने के लिए संपर्क कर रहे हैं। लेकिन हम किसी भी परिस्थिति में भ्रष्ट और आपराधिक नेताओं को अपने पाले में नहीं लाएंगे। हम पंजाब में एक साफ-सुथरी और ईमानदार सरकार देंगे।''

आप के सांसद और पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष भगवंत मान ने कहा, ''कांग्रेस की सरकार जाने वाली है। सिर्फ एक महीना बचा है। इसलिए उनके कई बड़े नेता पंजाब को लूट रहे हैं। हम अपनी पार्टी में कोई बेईमान नेता नहीं लाएंगे।''

मुख्यमंत्री चन्नी ने खरड़ में मीडिया से बातचीत करते हुए चड्ढा पर ''झूठी अफवाह फैलाने'' को लेकर निशाना साधा और पार्टी को ''अनावश्यक विवाद पैदा करने के लिए झूठ बोलने से बचने'' को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''आप केवल भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण बातों में लिप्त होकर अपने लिये माहौल बनाना चाहती है, लेकिन ये रणनीति उलटा असर करेगी।''

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Four Punjab ministers wanted to join AAP, but party refused them: Chadha

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे