प्रयागराज में गोलीबारी में चार व्यक्ति घायल, एक की हालत गंभीर
By भाषा | Updated: December 30, 2021 23:16 IST2021-12-30T23:16:53+5:302021-12-30T23:16:53+5:30

प्रयागराज में गोलीबारी में चार व्यक्ति घायल, एक की हालत गंभीर
प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), 30 दिसंबर नगर के कीटगंज थाना क्षेत्र के कीटगंज मोहल्ले में बृहस्पतिवार की शाम आबकारी विभाग के एक आरक्षी ने कुछ लोगों के साथ विवाद के बाद अपनी पिस्तौल से गोलियां चलायीं। घटना में चार व्यक्ति घायल हो गए जिन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक (प्रयागराज रेंज) डॉक्टर राकेश सिंह ने बताया कि कीटगंज में किसी मामले में विवाद के बाद विमलेश नाम के व्यक्ति ने गोलियां चलायीं जिसमें चार व्यक्ति घायल हो गए। विमलेश आबकारी विभाग का आरक्षी बताया जा रहा है जो फिलहाल निलंबित है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि तीन अन्य लोगों को कम चोटें आई हैं।
कीटगंज निवासी विराट सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात विमलेश पांडेय ने एक मकान को कब्जा कर उसमें अपना कार्यालय बना रखा है। विमलेश पांच लोगों के साथ उस मकान में बैठा था और गाली गलौज कर रहा था।
उन्होंने बताया कि गाली बकने से मना करने पर विमलेश ने गोली मारने की धमकी दी और उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से संदीप गुप्ता को दो गोली मारी और छोटे भाई विशाल गुप्ता को एक गोली मारी। इस गोलीबारी में मोहल्ले के अन्य दो लोग घायल हुए हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।